28 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हाइवे पर हादसा, ब्रिज के नीचे 20 फीट नीचे गिरी डंपर एवं कार, एक की मौत, 8 घायल

दर्दनाक सडक़ हादसे में डंपर में सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं कार एवं डंपर में सवार 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 min read
Google source verification

पेशाब करने रूका था कार चालक

सिवनी. लखनवाड़ा थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे-44 के सिमरिया मरझोर ब्रिज के पास शुक्रवार दोपहर ईंट से भरे डंपर ने खड़े कार में टक्कर मार दी।दोनों वाहन ब्रिज से नीचे खेत में जा गिरे। दर्दनाक सडक़ हादसे में डंपर में सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं कार एवं डंपर में सवार 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। डंपर में सभी मजदूर सवार थे। जानकारी के अनुसार ईंट लेकर डंपर मजदूरों के साथ गोपालगंज से सिवनी की तरफ जा रहा था। वहीं छिंदवाड़ा के श्रीवास्तव कॉलोनी निवासी जितेन्द्र पिता रामप्यारे सूर्यवंशी(34) कार में अपने दो साथियों के साथ छिंदवाड़ा से सिवनी की तरफ जा रहे थे। शुक्रवार दोपहर तीन बजे नेशनल हाइवे-44 सिमरिया पुल के पास वे कार रोककर पेशाब करने लगे। दो साथी कार में ही बैठे थे। इसी दौरान पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों वाहन ब्रिज से नीचे गिर गए। हादसे में बरघाट के ताखला ग्राम निवासी संदीप मर्सकोले पिता जसपाल(20) की मौत हो गई।

यह हुए घायल
हादसे में कार में सवार छिंदवाड़ा के श्रीवास्तव कॉलोनी निवासी कन्हैया पिता रामप्यारे सूर्यवंशी(25) एवं छिंदवाड़ा के मेघासिवनी निवासी आदित्य पिता नामदेव चौरे(26) एवं डंपर में सवार प्रिंस पन्द्र पिता धर्मसिंह(18), राजा उइके पिता खुमान सिंग(22), नरेन्द्र मर्सकोले पिता स्वतेश(21), सचिव पिता राजेन्द्र उइके(23), विशाल पिता सुरेश मर्सकोले(18), करन पिता सुतेश मर्सकोले(23) सभी ग्राम ताखला, बरघाट, सिवनी निवासी घायल हो गए। डंपर में सभी मजदूर सवार थे।

ब्रिज से रेलिंग तोड़ते हुए 20 फीट नीचे गिरे दोनों वाहन
नेशनल हाइवे-44 पर सडक़ हादसा का सिलसिला लगातार जारी है। लगातार दूसरे दिन भीषण सडक़ हादसे ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। शुक्रवार दोपहर नेशलन हाइवे पर ब्रिज के पास डंपर ने खड़ी कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार एवं डंपर ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए लगभग 20 फीट नीचे खेत में जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर थाना प्रभारी सीके सिरामे पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।

30 मिनट बाद पहुंची एंबुलेंस
सडक़ हादसे के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण(एनएचएआई) के कर्मचारी तत्काल राहत पहुंचाने में असफल साबित हो रहे हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार को हुए सडक़ हादसे के बाद तत्काल राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 पर भी सूचना दी गई, लेकिन एंबुलेंस लगभग 30 मिनट बाद पहुंची। हादसे के बाद हाइवे पर कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था भी बाधित हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई।