
आगासौद में सड़क पर उड़ती राख
बीना. जेपी थर्मल पावर प्लांट के ऐश पाउंड से कोयले की राख का परिवहन किया जा रहा है और ओवरलोड डंपरों से सड़क पर गिर रही राख से कई गांवों के लोग परेशान हैं। आगासौद पंचायत के सरपंच पप्पू आदिवासी और जनपद सदस्य पपेन्द्र सेन ने कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम से शिकायत की है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि ऐश पाउंड से आ रहे डंपरों में क्षमता से ज्यादा राख भरी जा रही है और जिस जगह से डंपर निकल रहे हैं वहां सडक़ों पर राख फैल रही है। इस राख के उडऩे से आगासौद एवं आसपास के ग्रामीण, स्कूल के बच्चे, वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। आगासौद हाइ स्कूल मुख्य सडक़ पर स्थित है, जहां करीब 300 विद्यार्थी पढ़ते हैं और राख उडकऱ स्कूल के अंदर तक पहुंच रही है, जिससे बच्चों के बीमार होने का खतरा है। साथ ही सडक़ के दोनों की फसलें भी खराब हो रही हैं, जिसका सर्वे कराया जाए। इस मामले में एसडीएम से जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की गई है।
शहर के अंदर भी फैल रही राख
ओवरलोड डंपरों से शहर के अंदर भी राख फैल रही है, जिससे वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। पुलिस ने एक डंपर पर चालान भी किया था, लेकिन फिर भी लगातार ओवरलोड डंपर निकल रहे हैं।
हिन्नौद के ग्रामीण भी कर चुके हैं शिकायत
जेपी का ऐश पाउंड हिन्नौद में स्थित है और यहां राख उडऩे से आसपास के ग्रामीण परेशान हो रहे हैं। पिछले दिनों सरपंच सहित अन्य ग्रामीणों ने एसडीएम से इस संबंध में शिकायत की थी और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
Published on:
11 Feb 2026 11:35 am
