29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रायसेन, May 23, 2026

MP में कुएं में नहाने उतरी 3 मासूम बच्चियों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

Minor Girls Drowned: एमपी के रायसेन जिले में तीन मासूम बच्चियों की कुएं में डूबने से मौत। बच्चियां घर से कुएं में पानी भरने के लिए निकली थी।

Three minor girls drowned in well while bathing MP News

Three minor girls drowned in well while bathing (फोटो -Patrika.com)

Minor Girls Drowned: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के एक गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले की ग़ैरतगंज तहसील अंतर्गत पुलिस चौकी गढ़ी के ग्राम सगौर में शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्राम सगौर निवासी कुमारी राधा पिता हल्केराम आदिवासी उम्र लगभग 12 वर्ष, कुमारी अमृता पिता रामगोपाल आदिवासी उम्र लगभग 12 वर्ष तथा कुमारी तनु पिता हल्केराम आदिवासी उम्र लगभग 13 वर्ष गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित कुएं पर पानी भरने गई थीं।

नहाने के लिए कुएं में उतरी, एक दूसरे को बचाने के चक्कर में गई जान

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों सहेलियां गांव से करीब एक किलोमीटर दूर एक कुएं से पानी भरने घर से निकली थी। पानी भरने के दौरान बच्चियां कुएं में नहाने लगीं। इसी दौरान एक बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और वह डूबने लगी। अपनी साथी को डूबता देख उसे बचाने के प्रयास में दूसरी बच्ची ने कुएं में छलांग लगा दी और जब वह भी डूबने लगी तो तीसरी बच्चों भी कूद गई। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में डूब गईं और उनकी मौत हो गई।

अन्य बच्ची ने ग्रामीणों को दी सूचना

घटना के समय साथ में मौजूद एक अन्य बच्ची अमीना घबराकर गांव पहुंची और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद तीनों बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल गैरतगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने जांच में सामने आई हादसे की संभावित वजह

ग्रामीणों ने बच्चियों के शव को कुएं से निकालने के बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर गढ़ी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की शुरआती जांच में सामने आया है कि कुएं पर सुरक्षा के लिए मुंडेर नहीं थी और पानी तक पहुंचने के लिए कोई सुरक्षित व्यवस्था भी नहीं थी। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में नल-जल योजना अब तक पूरी नहीं हो पाई है जिस कारण लोग मजबूरी में एक किलोमीटर दूर वाले कुएं से पानी भरने जाते हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें