इस कदर नाराजगी: गर्लफ्रेंड ने ब्रेकअप किया तो प्रेमी ने घर में घुसकर मार डाला
एक अस्पताल में साथ काम करने के दौरान नर्स का एक युवक से प्रेम संबंध हो गया। करीब तीन माह पहले दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया। इससे युवक नाराज हो गया। वह आखिरी बार मिलने के बहाने नर्स के घर पहुंचा और चाकू से गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। घटना को खुदकुशी का रूप देने मृतका के हाथ में ही चाकू रखकर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीया प्रियंका एमएमआई अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करती थी। वह पटेलपारा में किराए के मकान में अपनी दो अन्य सहेलियों के साथ रहती थी। प्रियंका की गुढि़यारी के दुर्गेश वर्मा से करीब 3 साल से दोस्ती थी। बाद में दोनों एक अस्पताल में काम करने लगे, तो उनके बीच प्रेम संबंध हो गए। करीब 3 माह पहले दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया था। प्रियंका ने दुर्गेश से बातचीत बंद कर दी।
दुर्गेश फिर भी उससे जबरदस्ती बातचीत करता था। सप्ताह भर पहले इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। इसके बाद गुरुवार को दुर्गेश ने आखिरी बार मिलकर बातचीत करने की जिद की। इसके लिए प्रियंका राजी हो गई। वह अपनी ड्यूटी कर शाम को घर पहुंची। उसकी दोनों सहेलियों का नाइट शिफ्ट था। वे दोनों अस्पताल चली गई। घर में केवल प्रियंका अकेली थी। इस बीच दुर्गेश पहुंचा। ब्रेकअप को लेकर नाराजगी दिखाते हुए चाकू से उसका गला रेत दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद चाकू को उसके हाथ में रख दिया और दरवाजे को बाहर से बंद करके फरार हो गया।
सुबह करीब 9.30 बजे उसकी दोनों सहेलियां अस्पताल से घर पहुंचीं, तो प्रियंका लहूलुहान बिस्तर में पड़ी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टिकरापारा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका का मोबाइल भी घर में नहीं था। पुलिस ने जांच के दौरान उसकी सहेलियों से पूछताछ की। उन्होंने दुर्गेश के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने दुर्गेश को हिरासत में लिया। दुर्गेश ने हत्या करना कबूल कर लिया।
बताया जाता है कि प्रियंका करीब तीन साल से रायपुर में थी। करीब 1 माह पहले ही अपनी सहेलियों के साथ रहने के लिए आई थी। बताया जाता है कि आरोपी युवक प्रियंका को कई बार धमकियां दे चुका था। इसी के चलते वह अपनी सहेलियों के साथ रहने के लिए आई थी। जब प्रियंका ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी तो उसने हत्या करने की प्लानिंग कर ली। इसलिए वह आखिरी बार बातचीत के बहाने उसके घर पहुंचा। उसे पता था कि प्रियंका अकेली है। इस कारण वह अपने साथ चाकू लेकर पहुंचा था। इसके बाद मौका देखकर उसने हत्या कर दी। टिकरापारा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
Published on:
10 Oct 2025 12:11 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग