छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में रविवार को रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस (Collectors Conference) 2025 में सुशासन, पारदर्शिता और जनहित के नए मानक तय किए गए। बैठक की शुरुआत निर्धारित समय से पहले हुई, जिसने पूरे प्रशासन को मुख्यमंत्री की वर्क-डिसिप्लिन और परिणाम केंद्रित कार्यशैली का सीधा संदेश दिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी कलेक्टरों को दिए निर्देश, सुबह 7 बजे के पहले नगरीय निकायों के वार्डों में जाकर करें निरीक्षण। नगर निगम और नगर पालिका के अधिकारियों के कार्यों की करें समीक्षा। बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सभी विभागीय सचिव, संभागायुक्त और कलेक्टर उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से होगी धान खरीदी। सभी जिला कलेक्टरों को धान खरीदी की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश। सीएम साय बोले कि धान खरीदी में अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर होंगे जिम्मेदार।
मुख्यमंत्री साय ने निर्देश दिया कि 31 दिसंबर तक सभी विद्यार्थियों की आधार-बेस्ड APAR ID बनाकर रजिस्ट्रेशन पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था डिजिटल पारदर्शिता और छात्र लाभ वितरण में निर्णायक भूमिका निभाएगी। इसी आधार पर छात्रों को गणवेश, किताबें और छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाएगी।
सीएम विष्णुदेव साय ने Collectors Conference में कहा कि अनुशासन और कार्यालय में उपस्थिति पर नियंत्रण के लिए राज्य स्तर के साथ-साथ सभी जिला कार्यालयों में भी बायोमेट्रिक अटेंडेंस प्रणाली शीघ्र प्रारंभ की जाए।