महागठबंधन प्रेस कांफ्रेंस
बिहार चुनाव 2025 से पहले महागठबंधन ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर अपनी रणनीति सार्वजनिक कर दी है। महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने ऐलान किया कि तेजस्वी यादव महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा और जरूरत पड़ी तो अन्य उपमुख्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं।
गहलोत ने कहा कि सभी विपक्षी दलों को देश और राज्य के हित में एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, "वह लंबे समय तक सत्ता में रहे, लेकिन बिहार के लिए कुछ खास नहीं कर पाए। हमारे नेता तेजस्वी हैं, लेकिन अमित शाह से पूछना चाहता हूं, आपके नेता कौन हैं?" गहलोत ने कहा कि अमित शाह कह रहे हैं कि एनडीए का सीएम फेस संसदीय दल तय करेगा, इसका तो मतलब यही है कि अभी तक संशय है। उन्होंने महाराष्ट्र का उद्धारण देते हुए कहा कि भाजपा ऐसा ही करती है। महाराष्ट्र में भी इन्होंने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में चुनाव लड़ा था, लेकिन नतीजे आने के बाद भाजपा ने अपना सीएम बना दिया।
वहीं, बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि महागठबंधन एकजुट है। उन्होंने बताया कि गठबंधन की मजबूती की नींव तब रखी गई थी, जब राहुल गांधी ने मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान सभी दलों के साथ मिलकर लगभग 17 महीने तक समाज और जनहित के मुद्दों पर काम किया और गठबंधन को मजबूत किया।
वहीं, VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा, "भाजपा ने हमारी पार्टी को तोड़ा, हमारे विधायक को खरीदा। हमने संकल्प लिया था कि जब तक भाजपा को बिहार से बाहर नहीं करेंगे, तब तक छोड़ेंगे नहीं। अब समय आ गया है। महागठबंधन के साथ मिलकर हम बिहार में सरकार बनाएंगे, महागठबंधन मजबूत और एकजुट है।"
Updated on:
23 Oct 2025 12:48 pm
Published on:
23 Oct 2025 12:35 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग