
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव (फोटो- आईएएनएस)
पटना के बेउर जेल से रिहा होने के बाद पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव और भी सख्त तेवर में हर या रहे हैं। उन्होंने नीतीश कुमार सरकार, खासकर गृह विभाग संभाल रहे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने सरकार को खुली चेतावनी देते हुए NEET स्टूडेंट की संदिग्ध मौत और बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर पुलिस को निकम्मा बताया।
पप्पू यादव ने अपनी गिरफ्तारी को जान-बूझकर की गई राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने साफ किया कि जेल की सलाखें उनकी आवाज नहीं दबा सकतीं। पप्पू यादव ने कहा कि वह NEET छात्रा के लिए मरते दम तक लड़ेंगे और जरूरत पड़ी तो इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी जाएंगे।
सांसद ने बिहार पुलिस की कार्यशैली की आलोचना करते हुए उन्हें 'अक्षम' बताया। उन्होंने कहा, "जो पुलिस फोर्स एक बच्ची की सुरक्षा नहीं कर सकती और एक NEET की छात्रा के साथ न्याय नहीं कर पाती, वह पूरी तरह से नाकाबिल और कमजोर है।" उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों पर नकेल कसने के बजाय पुलिस सवाल उठाने वालों को जेल भेजने की साजिश कर रही है। उन्होंने साफ कहा कि सरकार को गाली-गलौज और साजिश की गंदी राजनीति से ऊपर उठकर अपराधियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
पप्पू यादव ने डिप्टी CM सम्राट चौधरी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे बड़बोलापन छोड़कर जमीन पर काम करें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "सम्राट बाबू, अगर आपको रतौंधी की बीमारी नहीं है, तो बिहार में रोजाना हो रही घटनाओं को देखिए। पप्पू यादव से मत डरिए, मैं आपका दोस्त हूं और आपकी भलाई के लिए काम कर रहा हूं।" उन्होंने सरकार से जाति-आधारित राजनीति छोड़ने और अपराधियों को सजा देने पर ध्यान देने की अपील की, क्योंकि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती।
सांसद ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि उनके पास कई महत्वपूर्ण जानकारियां और सबूत सुरक्षित हैं जिन्हें वे सही समय पर सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि रूपेश और खेमका जैसे बड़े हत्याकांडों में असली अपराधी कब पकड़े जाएंगे? उन्होंने फेक एनकाउंटर के मामलों पर भी न्याय की मांग की। पप्पू यादव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "सब कुछ मेरे पास है, वक्त आने पर पत्ते खोलूंगा। आप जितनी साजिश करनी है कर लीजिए, मैं डरने वाला नहीं हूं।"
Updated on:
15 Feb 2026 12:48 pm
Published on:
15 Feb 2026 12:39 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
