
घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बाइक व पहुंचे पुलिसकर्मी। फोटो पत्रिका
पाली। जिले के रोहट थाना क्षेत्र स्थित बांडाई पुल पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विदेशी सैलानियों से भरी बस के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही बाइक बस में घुस गई। हादसे में 5 वर्षीय बच्चे की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और बड़ा भाई घायल हो गए।
एएसआई रिडमलराम ने बताया कि मृतक की पहचान जोधपुर जिले की लूणी तहसील के सांगरिया गांव निवासी यशवीर (5) पुत्र प्रेम सिंह के रूप में हुई। हादसे में पिता प्रेम सिंह (40) पुत्र रामचंद्र, मां टीना कंवर (36) और भाई देवेंद्र सिंह (11) घायल हो गए। सभी घायलों को बस चालक ने तुरंत बांगड़ अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जोधपुर रेफर किया।
जानकारी के अनुसार प्रेम सिंह अपने परिवार के साथ ओम बन्ना दर्शन के लिए जा रहे थे। इस दौरान बस के आगे अचानक नीलगाय आ जाने पर चालक ने ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रही बाइक बस से टकरा गई। मृतक के शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद मासूम का शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी। बस सवार सभी सैलानी ऑस्ट्रेलिया के बताए जा रहे हैं, जो जोधपुर से नारलाई जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विदेशी सैनालियों को कंपनी की दूसरी गाड़ी से आगे रवाना किया। पुलिस ने बस जब्त कर क्षतिग्रस्त बाइक को थाना परिसर में खड़ी करवाई।
हादसे के बाद मृत मासूम व तीन घायलों को सैलानियों की बस से ही बांगड़ अस्पताल लाया। जहां मृत मासूम बच्चे व उसके घायल माता-पिता और भाई को देख बस सवार ऑस्ट्रेलिया की महिला सैलानी भावुक हो गई। उसकी आंखों से आंसू बहने लगे। उसके साथी सैलानियों ने उसे गले लगाकर सांत्वना दी।
हादसे की सूचना मिलते ही घायल प्रेम सिंह के परिचित ट्रोमा सेंटर पहुंचे और परिवार की मदद में जुट गए। उन्होंने बताया कि प्रेम सिंह निजी बस चालक हैं और प्रतिदिन पाली-जोधपुर रूट पर बस चलाते हैं। उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। सभी घायलों को एम्बुलेंस से जोधपुर रेफर किया।
Updated on:
15 Feb 2026 06:13 pm
Published on:
15 Feb 2026 06:12 pm
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
