
निराश्रितों के लिए रैन बसेरा
पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग रैन बसेरे बनाए जाएं। उन्हें वहां शौचालय, गर्म कपड़े, खाना, चिकित्सा की उचित व्यवस्था हो। दानदाताओं, एनजीओ, सामाजिक संगठनों को भी गरीबों व निराश्रितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। सरकार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें। - शिवजी लाल मीना, जयपुर
शेल्टर होम की व्यवस्था करें
सरकार को जरूरतमंदों के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अस्थाई आश्रय स्थलों का निर्माण करना होगा। निराश्रितों को शेल्टर होम तक पहुंचाने के लिए लोगों को जागरूक करना चाहिए। हेल्पलाइन नंबर जगह-जगह पर लिखवाना चाहिए। गर्म कपड़ों और कंबल का वितरण करना आपातकालीन चिकित्सा सहायता की व्यवस्था करना भी जरूरी है। - लहर सनाढ्य, उदयपुर
क्षेत्रीय स्तर पर रैन बसेरा
सरकार को प्रत्येक क्षेत्रीय स्तर पर रैन बसेरे खोले जाने की सख्त जरूरत है, ताकि भूला भटका निराश्रित कड़ाके की सर्दी से बच सके। रैन बसेरों में रजाई गद्दे की समुच व्यवस्था हो इसके लिए सरकार को एक विशेष बजट दिया जाना चाहिए। भामाशाह को भी इस पुण्य के कार्य में आगे आना चाहिए। - अजीतसिंह सिसोदिया, बीकानेर
देखभाल पर पैनी निगाह रखें
कंबल, गर्म कपड़े और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था हो। इस मौसम में जरूरतमंदों के लिए सरकार को रैन बसेरों की संख्या बढ़ानी चाहिए। बीमारियों की रोकथाम हेतु चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्थता जरूरी है। निगरानी तंत्र को सक्रिय बनाए रखना अनिवार्य है। - अमृतलाल मारू, इन्दौर
जनता मदद करें
निराश्रितों के लिए प्रशासन द्वारा रैन बसेरों की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर करनी चाहिए। आमजन द्वारा गर्म कपड़े ऐसे लोगों को देकर उन्हें ठंड से बचाया जा सकता है। प्रशासन को अलाव की व्यवस्था भी करनी चाहिए। - साजिद अली, इंदौर
रैन बसेरों पर आसान पहुंच
प्रशासन को निराश्रितों के लिए सुरक्षा इंतज़ाम करने चाहिए। जहां जरुरतमंद आसानी से पहुंच सके ऐसे स्थानों पर रैन बसेरों की स्थापना की जानी चाहिए। मूलभूत सुविधाएं कंबल, बिस्तर, पीने के पानी, बिजली की पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए। आम जन को निराश्रितों के लिए पुराने गर्म कपड़े दान करने के लिए भी प्रेरित करना चाहिए। निजी संस्थान निराश्रितों के लिए जरूरत की सामग्री उपलब्ध कराए। - शैलेंद्र टेलर, उदयपुर
भोजन की व्यवस्था से
निराश्रितों के लिए सरकार को भोजन, कपड़े और रैन बसेरे की विशेष तौर पर व्यवस्था करनी होगी। भोजन के लिए अन्न पूर्णा रसोई की व्यवस्था को बढ़ाना होगा। तभी आने वाली सर्दी और मौसम की मार से इन निराश्रितों को बचाया जा सकता है। - आनंद सिंह राजावत, ब्यावर
स्वयंसेवी संस्थाएं का योगदान
निराश्रितों के लिए सरकार को रैन बसेरों की व्यवस्था करना चाहिए। लोगों द्वारा निराश्रितों को घर में रखे हुए अनुपयोगी गर्म कपड़े प्रदान किए
जाएं। दान दाताओं द्वारा पोष्टिक आहार की व्यवस्था की जा सकती है। इन सभी कार्यों में स्वयंसेवी संस्थाएं भी अपना योगदान दे सकती हैं। - ललित महालकरी, इंदौर
पुराने गर्म कपड़े इकट्ठे किये जायें
सरकार को बेघर लोगों के लिए समय पूर्व ही जगह जगह रैन बसेरों के प्रबंध करने चाहिए। उनके लिए अलाव के साथ गर्म कपड़ों का इंतजाम किया जाए। जो लोग पुराने कपड़े दान करना चाहते है, उनसे कपड़े इकट्ठे कर रैन बसेरों में रह रहे लोगों के बीच बांटे जाने की मुहिम चलाई जानी चाहिए। - नरेश कानूनगो, देवास
रैन बसेरों की निगरानी हो
निराश्रितों के लिए रैन बसेरे बनाए जाने के साथ निगरानी भी रखी जाए कहीं ये अय्याशी के अड्डे, शराबियों, नशेड़ियों व जुआरियों की शरण स्थली न बन जाए। बिस्तर, रजाई, पेयजल व रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। इन रैन बसेरों में नियमित रूप से साफ सफाई की व्यवस्था हो तभी इनकी सार्थकता है। - सुनील कुमार माथुर जोधपुर,
सुविधायुक्त रैन बसेरा बनवाए
सर्दी की शुरूआत के साथ ही सरकार को निराश्रितों के लिए हर मोहल्ले में सुविधायुक्त रैन बसेरा बनाने, उन्हें स्वेटर-कंबल दिए जाने, अलाव जलाने तथा चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने जैसे विशेष कदम प्राथमिकता देकर उठाने चाहिए। - वसंत बापट, भोपाल
नीतियों से पहले इंसानियत अपनाए
सरकार को त्वरित राहत शिविर, स्थायी रैन बसेरे और गरम भोजन की व्यवस्था करनी चाहिए। स्थायी समाधान के लिए प्रत्येक शहर में विन्टर रिलीफ सेंटर की स्थापना, जनसहयोग से कंबल बैंक और मोबाइल हीट वैन चलाई जानी चाहिए। समाज, एनजीओ और आम नागरिक आगे आएँ यह मानवीय जिम्मेदारी भी है। - आदित्य शेखर, इंदौर
मुफ्त स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करें
निराश्रितों के लिए सरकार को अधिकाधिक रैन बसेरे शुरू करने चाहिए। दानदाताओं के सहयोग से उन्हें गर्म कपड़े, कंबल और भोजन उपलब्ध कराना चाहिए और मुफ्त स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करना चाहिए। सार्वजनिक स्थानों पर हीटिंग आदि की व्यवस्था करनी चाहिए। - प्रकाश भगत, कुचामन सिटी
निराश्रितों को समय पर लाभ मिले
सरकार को निराश्रितों के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था समय सीमा के भीतर करनी चाहिए। सरकार को विशेष रूप से ध्यान रखना होगा कि पात्र निराश्रित को ही लाभ मिले। ठंड और सर्द भरी रातों से बचाने के लिए मुख्य स्थानों पर गर्म कपङे और कम्बल बांटने चाहिए। - चंपालाल दुबे, भोपाल
व्यापाक प्रचार प्रसार होे
सरकार को निराश्रितों के लिए सर्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि जगहों पर आश्रय भवन बनाने की आवश्यकता है। यहां तक इनकी पहुंच आसान हो और प्रचार - प्रसार किया जाना चाहिए। निराश्रितों का नियमित रूप से रजिस्टर मेंटेन किया जाना चाहिए। उन्हें दैनिक उपयोग की सामग्री निशुल्क उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। - आलोक वालिम्बे, बिलासपुर
रैन बसेरों की संख्या बढ़ाएं
सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर रात बिताने वाले निराश्रितों की पहचान करने और उन्हें सुरक्षित रैन बसेरों तक पहुंचाने के लिए व्यवस्था की जानी चाहिए। इनके आश्रय के लिए सामुदायिक हॉल तुरंत स्थापित किए जाने चाहिए। गर्माहट एक जीवन रक्षक कदम है, इसके लिए अलाव की व्यवस्था हो। - डॉ.अजिता शर्मा, उदयपुर
जनसहभागिता के सहयोग से
सरकार रैन बसेरा की व्यवस्था और एनजीओ गर्म कपड़े वितरित जैसे कार्य कर सकती हैं। भामाशाहों को इस पुण्य कार्य में सहयोग करना चाहिए। जनसहभागिता के माध्यम से लंगर, आश्रय स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराना आदि के द्वारा इन निराश्रित लोगों का सहारा बना जा सकता है। - कृष्ण कांत शर्मा, बदलेटा खुर्द
Published on:
30 Oct 2025 07:50 pm
बड़ी खबरें
View Allओपिनियन
ट्रेंडिंग

