
Delhi Triple Murder: दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी कार में एक साथ तीन शव मिलने की घटना ने सभी को चौंका दिया था। अब तक यह मामला हत्या और आत्महत्या के बीच रहस्य बना हुआ था, लेकिन पुलिस ने इसका खुलासा करते हुए एक आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि पैसों की लालच में तीनों की हत्या की गई थी। आरोप है कि पहले उन्हें शराब और कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई, फिर जहर मिले लड्डू खिलाए गए। जब तीनों कार में बेहोश हो गए, तो आरोपी पैसे लेकर मौके से फरार हो गया।
आपको बता दें कि बीते रविवार को पुलिस को पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी कार में एक साथ तीन लाश मिली थी। यह हत्या थी या आत्महत्या इसका पता लगाने के लिए पुलिस पिछले दो दिनों से लगातार छानबीन कर रही थी। जब पुलिस ने घटना स्थल से संबंधित सीसीटीवी फुटेज चेक किया, तो पता चला कि कार में तीन नहीं बल्कि चार लोग सवार थे। इसके बाद पुलिस का शक यकीन में बदल गया और मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल कंगालने लगी। तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने एक दर्जन से अधिक तांत्रिकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। क्योंकि पुलिस को खबर मिली थी कि तीनों मरने से पहले किसी तांत्रिक से मिलने के लिए गए थे।
पुलिस सूत्रों की मानें तो तीनों पहले तांत्रिक के घर गए थे, फिर उसको अपनी कार में बैठाकर पीरागढ़ी फ्लाईओवर की तरफ चल दिए। पुलिस के मुताबिक, पीरागढ़ी पहुंचने के बाद कार थोड़ी देर रुकी थी, फिर अचानक तांत्रिक कार से निकलकर फरार हो गया। वहीं, पुलिस को शक है कि तांत्रिक परिवार को लंबे समय से तंत्र-मंत्र के दम पर अमीर बनाने के लिए दावा कर रहा था। फिलहाल पुलिस यह जानने में जुटी है कि तीनों की मौत किन हालात में और किस तरह हुई। आशंका जताई जा रही है कि तांत्रिक अनुष्ठान के दौरान ही उनकी जान गई। जांच एजेंसियां इसी एंगल से पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
गौरतलब है कि रविवार को पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी एक कार से 76 वर्षीय रणधीर सिंह, 47 वर्षीय शिव नरेश और 40 वर्षीय लक्ष्मी के शव बरामद होने के बाद पुलिस ने शुरुआती जांच शुरू की थी। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि लूट के नियत से हत्या नहीं हुई क्योंकि सभी मृतकों के फोन और चेन सुरक्षित थे। इसलिए पुलिस इस मामले को हर एंगल से जांच करने लगी।
Published on:
11 Feb 2026 04:25 pm
