ट्रांसजेंडर ‘गुरु मां’ गिरफ्तार (IANS)
अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ मुंबई पुलिस की सख्ती ने एक और बड़ा खुलासा किया है। शिवाजी नगर पुलिस ने रफीक नगर इलाके से बांग्लादेशी मूल की ट्रांसजेंडर महिला बाबू अयान खान उर्फ ज्योति उर्फ 'गुरु मां' को गिरफ्तार किया है। यह महिला पिछले 30 वर्षों से फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे मुंबई में राज कर रही थी और 300 से अधिक फॉलोअर्स की 'गुरु' बनी हुई थी। पुलिस का दावा है कि उसके नाम पर मुंबई के गोवंडी, रफीक नगर समेत कई इलाकों में 20 से ज्यादा संपत्तियां हैं।
यह गिरफ्तारी मार्च 2025 में शुरू हुई कार्रवाई का हिस्सा है, जब शिवाजी नगर पुलिस ने रफीक नगर से आठ बांग्लादेशी ट्रांसजेंडरों को पकड़ा था। उस समय ज्योति भी हिरासत में ली गई थी, लेकिन उसके पास आधार कार्ड, पैन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र समेत सभी भारतीय दस्तावेज मौजूद होने के कारण उसे रिहा कर दिया गया। बाद में पुलिस ने इन दस्तावेजों की गहन जांच की, जिसमें सभी फर्जी साबित हुए।
पुलिस के अनुसार, ज्योति मूल रूप से बांग्लादेश की रहने वाली है और अवैध तरीके से भारत घुस आई थी। उसने अपनी पहचान बदलकर ट्रांसजेंडर बनने का दावा किया और 'गुरु मां' के नाम से ट्रांसजेंडर समुदाय में प्रभाव जमाया। उसके फॉलोअर्स उसे पूजते थे और वह मुंबई के विभिन्न इलाकों में संपत्तियां जमा करती रही। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में ज्योति ने कबूल किया कि दस्तावेज फर्जी हैं, लेकिन फर्जीवाड़े का नेटवर्क अभी भी उजागर हो रहा है।
मुंबई पुलिस ने बताया कि ज्योति के खिलाफ शिवाजी नगर, नारपोली, देवनार, ट्रॉम्बे और कुर्ला थानों में पहले से धोखाधड़ी, वेश्यावृत्ति और अन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं। उसे पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं के अलावा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब उसके फॉलोअर्स और संपत्तियों की जांच कर रही है, साथ ही फर्जी दस्तावेजों का स्रोत ढूंढने का प्रयास जारी है।
पिछले कुछ महीनों में मुंबई पुलिस ने बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ जोरदार कार्रवाई की है। मार्च में आठ ट्रांसजेंडर बांग्लादेशियों की गिरफ्तारी के बाद अक्टूबर में देवनार पुलिस ने एक 36 वर्षीय बांग्लादेशी महिला जरीना खातून को पकड़ा, जिसे डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई।
Published on:
16 Oct 2025 01:08 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग