मानसून (फोटो-पत्रिका)
IMD Update: दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून (Monsoon) पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में भारी बारिश ने जनजीवन को ठप कर दिया है। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं, जबकि धान की फसलें पानी में डूब गई हैं। मौसम विभाग (IMD) ने कई क्षेत्रों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर अलर्ट मोड में रखा है।
तमिलनाडु में चेन्नई और आसपास के जिलों में तेज बारिश जारी है। चेन्नई में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। तंजावुर, तिरुवारुर, नागपट्टिनम, कडलूर, विलुपुरम, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और कारैकल में रेड अलर्ट है। बुधवार को इन जिलों में भारी वर्षा दर्ज की गई। केमबरमबक्कम, पुझल (रेड हिल्स) और पूंडी बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है, ताकि शहर में बाढ़ की स्थिति न बने। चेन्नई नगर निगम ने 106 राहत रसोइयां शुरू की हैं।
ओडिशा में भी भारी बारिश के चलते हालात बुरे हैं। मौसम विभाग ने यहा अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ आंधी तूफान की संभावना जताई है। विभाग ने कहा कि मौसम में यह बदलाव दो लगातार बन रहे निम्न दबाव क्षेत्रों के कारण हो रहा है। IMD ने कहा कि पुरी, खोरधा, नयागढ़, गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, कंधमाल, कालाहांडी और नबरंगपुर जिलों में बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलने की आशंका है। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में बुधवार को हुई तेज बारिश से सड़कों पर 2-3 फीट पानी भर गया। यहां छह जिलों (प्रकाशम, नेल्लोर, कडप्पा, अन्नमय्या, तिरुपति और चित्तूर) के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपदा प्रबंधन बल (SDRF) को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।
दूसरी, तरफ पर्वतीय राज्यों में बर्फबारी हो रही है। हिमाचल के लाहौल-स्पीति और मनाली में पहाड़ों पर बुधवार को बर्फबारी हुई है। लाहौल-स्पीति जिले के टैबो में न्यूनतम तापमान माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, हिमाचल के कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। मनाली में 12 मिमी, भरमौर में 11.5 मिमी, कीलॉन्ग में 6 मिमी, भुंतर में 3.6 मिमी, सेओबाग में 4 मिमी, पलमपुर में 2 मिमी और कुकुमसेरी में 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
Updated on:
23 Oct 2025 08:02 am
Published on:
23 Oct 2025 08:01 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग