
दिल्ली में बस हादसा (Video Screenshot)
दिल्ली के विकासपुरी इलाके से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां देर रात एक प्राइवेट बस अचानक आग का गोला बन गई। इस भीषण हादसे में बस के कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है, जो हादसे के वक्त बस के अंदर सो रहा था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कंडक्टर सुनील ने मच्छरों से बचने के लिए बस के अंदर अगरबत्ती जलाई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी अगरबत्ती से आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी।
हादसे का एक भयावह वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी बस धूं-धूं कर जलती दिखाई दे रही है। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने में फायर ब्रिगेड को कई घंटे लग गए। आग पर काबू पाने के बाद जब बस के अंदर देखा गया, तो कंडक्टर सुनील की जलकर मौत हो चुकी थी। बस पूरी तरह जलकर राख हो गई।
पुलिस के अनुसार, यह बस हरियाणा नंबर की प्राइवेट बस थी, जिसे महज 28 दिन पहले ही सड़क पर उतारा गया था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कंडक्टर के शव को बस से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
Updated on:
09 Feb 2026 11:46 am
Published on:
09 Feb 2026 10:23 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
