9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वीडियो में टोपी पहने लोगों पर बंदूक से निशाना लगाते नजर आए हिमंता बिस्वा सरमा, असम भाजपा की पोस्ट पर विवाद

भाजपा असम ने एक वीडियो अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है जिसमें सीएम हिमंता बिस्वा सरमा अल्पसंख्यकों और विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए दिखाई दे रहे है। विपक्ष ने इस वीडियो की कड़ी आलोचना की और इसे नरसंहार बताया।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Himadri Joshi

image

Saksham Agrawal

Feb 09, 2026

cm himanta biswa sarma

सीएम हिमंता बिस्वा सरमा (फोटो- सुप्रिया श्रीनेत एक्स पोस्ट)

असम भाजपा के आधिकारिक एक्स हैंडल BJP Assam Pradesh पर पोस्ट किया गया एक विवादित वीडियो राजनीति में विवादों का केंद्र बन गया है। इस एआई वीडियो का शीर्षक "पॉइंट ब्लैंक शॉट" था और इसमें मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को राइफल से निशाना लगाते हुए दिखाया गया था। वीडियो में असम सीएम की बंदूक से निकली गोली मुस्लिम टोपी पहने कुछ लोगों की तस्वीरों पर जा लगती है और बैकग्राउंड में लिखा आता है "नो मर्सी", यानी कोई दया नहीं। इन लोगों में से एक व्यक्ति की तस्वीर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई से मिलती-जुलती थी।

विवाद के बाद बीजेपी ने डिलीट किया पोस्ट

वीडियो के आखिर में सीएम सरमा को 'काउबॉय' की वेषभूषा में पिस्टल पकड़े हुए दिखाया गया और स्क्रीन पर 'विदेशी-मुक्त असम', 'बांग्लादेशियों पर कोई दया नहीं' और 'पाकिस्तान क्यों नहीं गए' जैसे वाक्य लिखे थे। इसमें कुछ असली फुटेज के साथ एआई जनरेटेड इमेज का इस्तेमाल किया गया था। यह वीडियो सामने आने के बाद से ही यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। कई सोशल मीडिया यूजर्स और विपक्षी पार्टियां इस वीडियो की आलोचना करने लगे। वीडियो पर विवाद बढ़ने के बाद असम बीजेपी ने अपने अकाउंट से इस पोस्ट को डिलीट कर दिया।

कांग्रेस ने वीडियो को रिपोस्ट किया

Congress ने एक्स पर पोस्ट कर वीडियो को 'अल्पसंख्यकों का जेनोसाइड (लक्षित हत्या)' बताते हुए कड़ी निंदा की। पार्टी के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने इसे 'नरसंहार का आह्वान' करार दिया और न्यायपालिका से सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनाते ने भी अपने एक्स अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया। वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने लिखा कि वीडियो हटाना काफी नहीं है। यह वीडियो बीजेपी की सच्चाई दर्शाता है। विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट से स्वत: संज्ञान लेने की मांग की है। अभी इस मामले में BJP की ओर से कोई आधिकारिक सफाई या स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। असम भाजपा के प्रवक्ता रंजीब कुमार सरमा और सोशल मीडिया कन्वेनर बिस्वजीत खौंड ने इस संबंध में कोई टिप्पणी करने से परहेज किया है।