भारत, Jun 02, 2026

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Photo- IANS)
BJP meeting: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेशाध्यक्षों की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के बारह साल की उपलब्धियों को जनता के हर वर्ग तक पहुंचाने के कार्यक्रम पर व्यापक चर्चा की। नितिन नवीन ने इस दौरान संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर पार्टी को और अधिक सशक्त करने और समाज के हर वर्ग तक संगठन की पहुंच को व्यापक करने के लिए भी कहा।
बैठक में देश के 22 राज्यों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकारों के विस्तार और भाजपा के बढ़ते संगठनात्मक प्रभाव की भी समीक्षा की गई। पार्टी नेताओं ने अलग-अलग राज्यों में संगठन की मौजूदा स्थिति, जनाधार और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उपायों पर गहन चर्चा की।
बैठक में युवाओं को व्यापक स्तर पर संगठन से जोड़ने तथा उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारियों में आगे लाने की योजनाओं पर विस्तार से विचार किया गया। नेताओं का मत था कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा और उसे एक मजबूत दिशा प्राप्त होगी।
पार्टी प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने बताया कि पदाधिकारियों, प्रदेशाध्यक्षों व प्रदेश संगठन मंत्रियों की बैठक के बाद भाजपा की टोली बैठक भी आयोजित हुई। संबित पात्रा ने बताया कि बैठक में पार्टी से युवाओं व प्रोफेशनल्स को जोड़ने तथा महिला व एससी-एसटी सशक्तीकरण जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के बाद संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने राज्यसभा चुनाव वाले राज्यों के प्रदेशाध्यक्षों से अलग-अलग मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने राज्यसभा चुनाव के प्रत्याशियों के नामों पर विस्तृत चर्चा की है। आपको बता दें कि राजस्थान और मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीन-तीन सीट के लिए चुनाव होने हैं। विधानसभा में संख्याबल के आधार पर दोनों राज्यों में में पार्टी दो-दो सीटों को आसानी से जीत सकती है। पार्टी चुनाव वाले राज्यों में स्पष्ट जीत सकने वाली सीटों के अलावा भी प्रत्याशी उतारने पर विचार कर सकती है।
चुनाव आयोग ने सोमवार को 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव, महाराष्ट्र, तमिलनाडु व ओडिशा की एक-एक सीट पर उपचुनाव तथा बिहार व कर्नाटक में विधान परिषद चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। इसी के साथ नामांकन शुरू हो गया। नामांकन की अंतिम तिथि आठ जून है जबकि चुनाव 18 जून को होंगे।
Published on: 02 Jun 2026 05:43 am


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।