Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rain Alert: 13 जिलों में मौसम का ट्रिपल अटैक! IMD ने कहा- बेमौसम बारिश के साथ चलेगा तूफान, गिरेगी बिजली

Weather Update : अगले तीन-चार दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हलकी से तेज बारिश की संभावना है। इसके चलते मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

2 min read

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Oct 16, 2025

Maharashtra Weather Alert

महाराष्ट्र में दिवाली तक आंधी-बारिश के आसार (Photo: IANS)

महाराष्ट्र (Maharashtra Weather Forecast) से मानसून लगभग विदा ले चुका है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मानसूनी बारिश थम गई है, केवल पूर्वी विदर्भ के गढ़चिरौली जिले के कुछ इलाकों में ही मानसून सक्रीय है। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि दिवाली के दौरान राज्य में आंधी और बेमौसम बारिश दस्तक दे सकती है। इस बीच, मौसम विभाग ने आज राज्य के 13 जिलों के लिए तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हलकी से मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

मुंबई में आज से अगले तीन दिनों तक गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। पिछले दो दिनों से शहर का मौसम बदला हुआ है, हवा में नमी और बादलों की मौजूदगी बनी हुई है। आईएमडी ने गुरुवार को इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। जिसमें रायगढ़, रत्नागिरी, पुणे, सातारा, नासिक, अहमदनगर, बीड, धाराशिव, लातूर, जालना, छत्रपती संभाजीनगर, धुले और जलगांव जिले शामिल है।

आमतौर पर 15 अक्टूबर तक मानसून महाराष्ट्र से विदा हो जाता है, लेकिन इस बार इसका असर कुछ और दिनों तक रहने वाला है। इस शुक्रवार, यानी 17 अक्टूबर से दिवाली की शुरुआत हो रही है। पहले दिन गोवत्स द्वादशी, 18 अक्टूबर को धनतेरस और 20 अक्टूबर को नरक चतुर्दशी है। इन दिनों में भी कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है।

क्यों हो रही बेमौसम बारिश?

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आईएमडी के मुताबिक, निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर दक्षिण तटीय तमिलनाडु और उससे सटे कॉमोरेन क्षेत्र पर एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बन हुआ है। जबकि निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर दक्षिण-पूर्व अरब सागर और उससे सटे लक्षद्वीप क्षेत्र पर एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुक रहा है। इसके प्रभाव में 19 अक्टूबर के आसपास केरल-कर्नाटक तटों से दूर दक्षिण-पूर्व अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इस मौसमी सिस्टम के चलते राज्य में बारिश के लिए अनुकूल मौसम बना हुआ है। महाराष्ट्र से मानसून की विदाई इस साल 10 अक्टूबर को उत्तर कोकण, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, उत्तर मराठवाड़ा और पश्चिम विदर्भ से शुरू हुई थी।