
Mau news: मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र में डूडा (जिला शहरी विकास अभिकरण) विभाग में तैनात एक जूनियर इंजीनियर के खिलाफ महिला सहकर्मी ने गंभीर आरोप लगाते हुए दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित जूनियर इंजीनियर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार वह डूडा विभाग में संविदा पर कार्यरत है, जबकि आरोपित भी उसी विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात है। विभागीय कार्य के दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई, जो धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान जूनियर इंजीनियर अंकित कुमार सिंह ने महिला को प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
महिला सहकर्मी का आरोप है कि जब उसने शादी की बात को लेकर दबाव बनाया, तो जूनियर इंजीनियर ने साफ इंकार कर दिया। इसके बाद महिला को अपने साथ हुए धोखे और शोषण का एहसास हुआ। पीड़िता ने सरायलखंसी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित जूनियर इंजीनियर को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Published on:
24 Jan 2026 12:23 pm

बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
