
Mau Crime: मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत गरथौली गांव में मंगलवार को एक व्यक्ति की नृशंस हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जयसिंहपुर निवासी शिव बचन राजभर के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि शव पर धारदार हथियार से वार के स्पष्ट निशान हैं। मृतक के हाथ और गले पर गहरे घाव पाए गए हैं, जिससे हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सुबह जब ग्रामीणों ने शव देखा तो गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। हालात को देखते हुए पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है। फिलहाल हत्या के पीछे आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी या अन्य कारणों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के भी मौके पर पहुंचने की सूचना है। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सरायलखंसी थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Published on:
02 Feb 2026 03:55 pm

बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
