
Mau News: घोसी लोकसभा क्षेत्र के रैनी गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं समाजवादी पार्टी के बूथ अध्यक्ष विजय यादव के निधन के बाद अनाथ हुए 3 बच्चों और परिवार की इस कठिन स्थिति को देखते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मानवीय संवेदना व्यक्त करते हुए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा भेजी गई यह सहायता राशि सोमवार को घोसी से समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने स्वयं गांव पहुंचकर दिवंगत विजय यादव के परिजनों को सौंपी। इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी इस दुख की घड़ी में पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।
सांसद राजीव राय ने परिजनों से बातचीत के दौरान कहा कि दिवंगत विजय यादव पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता थे और संगठन के लिए उन्होंने हमेशा निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया। उन्होंने कहा कि विजय यादव की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती, लेकिन पार्टी उनके बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर है।
सांसद ने विजय यादव के अनाथ बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का पूरा जिम्मा लेने की घोषणा की, जिससे बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने यह भी बताया कि परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। जिन योजनाओं से परिवार वंचित है, उन्हें जल्द से जल्द लाभान्वित कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान क्षेत्रीय नेताओं और ग्रामीणों की भी मौजूदगी रही। सभी ने दिवंगत विजय यादव के योगदान को याद करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। समाजवादी पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी न केवल आर्थिक सहायता तक सीमित रहेगी, बल्कि आगे भी परिवार को हर संभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा और जीवन मिल सके।
Published on:
18 Jan 2026 08:02 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
