
उत्तर प्रदेश सरकार के सख्त प्रतिबंध और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद मऊ जिले में जानलेवा चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के बांस की मस्जिद क्षेत्र से एक दुकानदार को करीब एक लाख रुपये के प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से जनपद में चोरी-छिपे चाइनीज मांझा बेचने वालों में हड़कंप मच गया है।
मऊ जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शहर कोतवाल अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने थाना क्षेत्र अंतर्गत बांस की मस्जिद के पास छापेमारी कर एक दुकानदार को चाइनीज मांझा बेचते हुए गिरफ्तार किया। मौके से भारी मात्रा में चाइनीज मांझा, रील और अन्य सामग्री बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि चाइनीज मांझे पर शासन द्वारा पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद शहर के बॉस मस्जिद क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा इसकी अवैध बिक्री की जा रही थी। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये है, आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि मऊ जिले में चाइनीज मांझे के कारण पहले भी कई गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ दिन पूर्व ओवरब्रिज पर बाइक सवार एक व्यक्ति की चाइनीज मांझे की चपेट में आने से नाक कट गई थी। वहीं कॉलेज से लौट रहे एक छात्र और छात्रा भी इस जानलेवा मांझे की चपेट में आ गए थे, जिनकी जान बड़ी मुश्किल से बच सकी थी।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री या उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी हाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Published on:
10 Feb 2026 12:10 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
