10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Action : सशस्त्र पुलिस जवानों ने रास्ते किए बंद, चला दिया बुलडोजर

10 हजार वर्ग फीट में कर रखा था अतिक्रमण, सवा सौ सशस्त्र पुलिसकर्मी रहे तैनात

2 min read
Google source verification

हिस्ट्रीशीटर और पुलिस पर फायरिंग के आरोपी आदिल मिर्जा की अवैध संपत्तियों पर रविवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। सांगोद से सटे अमृतखेड़ी गांव में नगरपालिका की सरकारी जमीन पर करीब 10 हजार वर्गफीट में बने एक दुमंजिला मकान समेत आदिल के दो अलग-अलग अवैध मकानों को बुलडोजर से जमीद्दोज किया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने आदिल के मकान के पीछे कई अन्य लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर बनाए बाड़ों व निर्माणाधीन सडक़ के बीच आ रहे अतिक्रमण पर भी बुलडोजर चलाया। पूरी कार्रवाई छह घंटे तक चली। इस दौरान यहां पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त रहा।

उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के किशनपुरा व मोडक़ में पुलिस टीम पर फायरिंग के आरोपी आदिल मिर्जा को पुलिस ने 11 जनवरी को मुठभेड़ में मोडक़ बायपास िस्थत एक खेत से उसके तीन साथियों के साथ पकड़ा था। आदिल की गिरफ्तारी के बाद कोटा ग्रामीण पुलिस ने उसकी अवैध संपतियों पर बुलडोजर की तैयारी शुरू की। नगरपालिका व राजस्व विभाग के सहयोग से आदिल की अवैध संपतियों को सूचीबद्ध कर नोटिस जारी कर अमृतखेड़ी में उसके मकानों पर चस्पा किए।

फिर कार्रवाई को गरजे बुलडोजर

कार्रवाई के दौरान पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा। हालांकि किसी तरह का विरोध देखने को नहीं मिला। आसपास सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात रहे। आदिल के घर की तरफ जाने वाले रास्तों को भी पुलिस ने सील रखा। ड्रोन कैमरों की मदद से इलाके की निगरानी रखी गई। शहर के चौराहा एवं अन्य रास्तों पर भी पुलिस की निगाह रही। करीब सवा सौ पुलिसकर्मी तैनात रहे।

यहां भी चला बुलडोजर

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने आदिल के दो मकानों के साथ ही नगरपालिका की करीब साढ़े तीन बीघा अन्य भूमि को भी अतिक्रमण मुक्त करवाया। यहां अन्य कई लोगों ने पशुओं के बांधने के बाड़े बना रखे थे। पास ही श्यामपुरा-सांगोद रोड का चौड़ाईकरण भी प्रस्तावित है। इस रास्ते में भी कई लोगों ने अतिक्रमण कर रखे थे, जिसे भी अतिक्रमण मुक्त करवाया। वहीं कई अतिक्रमियों को दो दिन की मोहलत दी गई।

छह घंटे तक चली कार्रवाई

अतिक्रमण हटाने की पूरी कार्रवाई सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली। इस दौरान पुलिस उपअधीक्षक नरेन्द्र जैन, तहसीलदार जतिन दिनकर, नायब तहसीलदार जुगल नागर, ईओ मनोज मालव समेत कोटा ग्रामीण क्षेत्र के कई थानों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। ईओ मालव ने बताया कि कार्रवाई में करीब चार बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।