किशनगढ़, Feb 26, 2026

अस्पताल के बाहर मौजूद लोगों की भीड़। फोटो: पत्रिका
मदनगंज-किशनगढ़। अजमेर जिले के राजारेडी क्षेत्र में एक युवक ने आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची मदनगंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को राजकीय यज्ञनारायण जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार राजारेडी स्थित एक आइसक्रीम सेंटर के पीछे रहने वाले त्रिलोक कुमार उर्फ कालू मेघवाल (38) ने रात्रि में रसोई में फंदा लगाकर जीवन समाप्त कर ली। बुधवार सुबह करीब 5.30 बजे परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत्यु की पुष्टि की।
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मृतक ने लिखा है, “मैं चोर नहीं हूं, पुलिस चोर का पता करे।” इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन से एक वीडियो भी मिला है। पुलिस सुसाइड नोट और वीडियो की जांच कर रही है।
मृतक के भाई राकेश ने बताया कि मेरा भाई 15 दिन से तनाव में चल रहा था। कुछ दिन पहले आखरी गांव के तेजा मंदिर में चोरी हुई थी। चोरी का आरोप त्रिलोक पर लग रहा था, जबकि चोर का वीडियो है। इससे वह काफी आहत था। सुबह 5 बजे मेरी पत्नी ने रसोई की लाइट जली देखी तो अंदर गई। जहां पर उसने भाई का शव लटके देखा था।
संबंधित विषय:
Published on: 26 Feb 2026 08:56 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।