किशनगढ़, Feb 19, 2026

नई सड़क (फोटो-पत्रिका)
किशनगढ़। पुराने केकड़ी-देवली मार्ग पर मोलकिया चौराहे से बोगला तक करीब 5 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा हो गया है। करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस सड़क के चालू होने से केकड़ी और देवली के बीच लगभग 15 किलोमीटर दूरी कम हो जाएगी। इससे हजारों लोगों का सफर आसान और समय की बचत होगी।
सार्वजनिक निर्माण विभाग के अनुसार यह मार्ग पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। अजमेर, जोधपुर, ब्यावर, नागौर, पाली, जैसलमेर और बाड़मेर सहित विभिन्न जिलों के लोग कोटा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र व छत्तीसगढ़ की ओर जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। अब इस रास्ते से गुजरने पर 15 किमी का रास्ता कम हो जाएगा। भारी यातायात दबाव के कारण मजबूत सड़क निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
सड़क पर पूर्व में पानी के रिसाव की समस्या के कारण बार-बार क्षति होती थी। विभाग ने नवाचार करते हुए सड़क को 4 फीट ऊंचा बनाया है। दो फीट मिट्टी-बालू व दो फीट गिट्टी और डामर से सुदृढ़ परत तैयार की गई है। एक्सईएन भीम सिंह मीणा ने बताया कि क्षेत्र में इस प्रकार का यह पहला प्रयोग है, जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन बढ़ेगा।
सड़क पर फिनिशिंग कार्य पूरा कर लिया गया है। दोनों किनारों और बीच में रेडियम पट्टियां लगाई गई हैं, जो रात में चमकती हैं। इससे वाहन चालकों को लेन की स्पष्ट जानकारी मिलेगी और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
Published on: 19 Feb 2026 08:16 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।