10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बोर्ड इम्तिहान: कक्षा 12वीं 12187 परीक्षार्थी हल कर रहे अंग्रेजी का पेपर, कई केंद्रों में तीसरी आंख की पहरेदारी

81 परीक्षा केंद्रों में सुबह 9 से 12 बजे तक परीक्षा, कई केंद्रों में सीसीटीवी से होगी निगरानी, 14 उडऩदस्ता दल नकल पकडऩे करेंगे औचक जांच

3 min read
Google source verification

कटनी

image

Balmeek Pandey

Feb 10, 2026

Class 12 board exams have begun

Class 12 board exams have begun

कटनी. माध्यमिक शिक्षा मंडल मप्र भोपाल द्वारा जारी वार्षिक परीक्षा की समय-सारणी के अनुसार जिले में मंगलवार से बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत हो रही है। 10 फरवरी को पहले दिन कक्षा 12वीं की परीक्षा अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र के साथ प्रारंभ होगी। जिलेभर के परीक्षार्थी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित परीक्षा में शामिल होंगे। जिले में कक्षा 12वीं के लिए कुल 81 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में 11 हजार 463 नियमित एवं 724 स्वाध्यायी छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी केंद्रों में परीक्षा आयोजित होगी। बोर्ड की गाइड लाइन का पालन कराए जाने अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।

व्यवस्था और निगरानी के पुख्ता इंतजाम

परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षार्थियों के रोल नंबर डेस्क पर अंकित किए गए हैं। केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षकों को परीक्षा संबंधी प्रशिक्षण पूर्व में दिया जा चुका है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। सुबह 6 से 7 बजे के बीच कलेक्टर प्रतिनिधि एवं सहायक केंद्राध्यक्ष संबंधित थानों से प्रश्नपत्र लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचाएंगे। निर्देश हैं कि हर हाल में सुबह 8 बजे तक प्रश्नपत्र केंद्रों पर पहुंच जाएं।

उडऩदस्ता दल करेंगे सख्त निगरानी

नकल रोकने एवं परीक्षा की निगरानी के लिए कुल 14 उडऩदस्ता दल गठित किए गए हैं। इनमें 6 विकासखंड स्तर एवं 4 जिला स्तर के दल शामिल हैं। जिला स्तर के दलों में डीईओ, एडीपीसी, डाइट प्राचार्य एवं एपीसी के नेतृत्व में टीमें गठित की गई हैं। इसके अतिरिक्त 4 विशेष उडऩदस्ता दल एसडीएम के नेतृत्व में कार्य करेंगे।

50 केंद्रों में ही सीसीटीवी कैमरे

जिले में 176 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित हैं, जिनमें 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हालांकि इनमें से केवल 50 केंद्रों पर ही सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था है। शेष केंद्रों में बिना सीसीटीवी के ही परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों में पुलिस बल भी तैनात रहेगा। जिले में 6 संवेदनशील परीक्षा केंद्र चिन्हित किए गए हैं, जहां सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती रहेगी और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। इनमें मॉडल स्कूल झिंझरी, विजयराघवगढ़, बड़वारा, रीठी, बहोरीबंद एवं ढीमरखेड़ा शामिल हैं।

10वीं की परीक्षा 13 से

कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 फरवरी से उर्दू विषय के प्रश्नपत्र के साथ प्रारंभ होगी। इसमें 13 हजार 783 नियमित एवं 604 स्वाध्यायी परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा 94 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

बच्चों के नाम कलेक्टर का संदेश...

कलेक्टर आशीष तिवारी ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए संदेश दिया है कि वे परीक्षा को किसी डर या तनाव के रूप में न देखें, बल्कि परीक्षा का आत्मविश्वास और शांति के साथ सामना करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा में बिना किसी डर और तनाव के प्रश्नों के उत्तर दें, परीक्षा जीवन का केवल एक पड़ाव है, मंजिल नहीं, अपनी पूरी तैयारी और मेहनत पर भरोसा रखें, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं और शांत मन से पेपर हल करें। छात्र अपने मनोबल को ऊंचा रखें, समय प्रबंधन पर ध्यान दें और परीक्षा को एक सकारात्मक अवसर के रूप में लें। कलेक्टर ने प्राचार्यों और शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों को तनावमुक्त रखने और उनका उत्साह बढ़ाने में सक्रिय सहयोग करें।