कानपुर, Jun 02, 2026

सांकेतिक फोटो पत्रिका
LPG cylinder price hike:एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तेल विपणन कंपनियों ने इस बार मुख्य रूप से 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए हैं, जबकि घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत बरकरार रखी गई है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों की लागत पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।
कॉमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये महंगा होकर अब 3236 रुपये का हो गया है। वहीं 5 किलो वाले एफटीएल (फ्री ट्रेड एलपीजी) सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा घरेलू उपयोग में आने वाला 14.2 किलो वाला सिलेंडर 950.50 रुपये पर स्थिर रखा गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को फिलहाल कोई राहत या झटका नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार, जनवरी 2026 से लेकर 1 जून 2026 तक कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस दौरान कुल मिलाकर 1533 रुपये का इजाफा हुआ है। दिसंबर 2025 में जहां 19 किलो का सिलेंडर 1703 रुपये का था, वहीं 2026 की शुरुआत के बाद इसमें तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली।
बीते मई महीने में ही इसमें 993 रुपये की भारी वृद्धि दर्ज की गई थी, जिसके बाद यह 3194 रुपये के स्तर पर पहुंच गया था। अब ताजा बढ़ोतरी के बाद यह 3236 रुपये तक पहुंच गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दे रहा है।
कॉमर्शियल सिलेंडर के साथ-साथ छोटे उपभोक्ताओं पर भी कीमतों का असर देखा गया है। 5 किलो वाले एफटीएल सिलेंडर की कीमत इस महीने 11 रुपये बढ़कर 853.50 रुपये हो गई है। यह सिलेंडर बीते पांच महीनों में कुल 402 रुपये महंगा हो चुका है।
दिसंबर 2025 में यही सिलेंडर लगभग 451 रुपये में उपलब्ध था, जो अब लगभग दोगुनी कीमत के करीब पहुंच चुका है। हालांकि घरेलू 14.2 किलो वाला सिलेंडर अभी भी 950.50 रुपये पर स्थिर है, जिससे आम घरों को फिलहाल राहत मिली हुई है। लगातार बढ़ती कीमतों ने छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं की चिंता जरूर बढ़ा दी है, क्योंकि आने वाले समय में फिर से कीमतों में बदलाव की संभावना बनी हुई है।
संबंधित विषय:
Published on: 02 Jun 2026 09:10 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।