13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

LPG Shortage: घरेलू गैस की कालाबाजारी, 1 सिलेंडर की कीमत 2000 रुपए, एलपीजी संकट पर आया प्रशासन नया आदेश

LPG crisis: एलपीजी बुकिंग व्यवस्था चरमराने से आम उपभोक्ताओं के साथ श्रमिक परिवार भी परेशान हैं। गैस सिलेण्डरों की कमी और कालाबाजारी के कारण कई परिवारों के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है।

3 min read
Google source verification
LPG crisis, LPG crisis in Jodhpur, LPG crisis in Rajasthan, LPG shortage, LPG shortage in Jodhpur, LPG shortage in Rajasthan, domestic gas cylinder, LPG latest news, LPG update news, domestic gas today news

फाइल फोटो- पत्रिका

जोधपुर। शहर में फैक्ट्रियों में काम करने वाले 1.50 से 2 लाख श्रमिक हैं। इनमें से कई श्रमिक परिवारों के पास घरेलू गैस का कनेक्शन नहीं है। वे अब तक हॉकर से सीधा सिलेण्डर खरीदते थे, लेकिन अब घरेलू गैस की मारामारी होने से उन्हें हॉकर 2000 से 2500 रुपए में एक सिलेण्डर दे रहे हैं। इससे कई श्रमिक परिवारों के लिए रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

राजस्थान पत्रिका ने यह जानने के लिए शहर में चार स्थानों पर गैस एजेंसियों के ट्रैक्टर संचालकों से ब्लैक में सिलेण्डर मांगकर स्टिंग किया। इनमें से 50 प्रतिशत ट्रैक्टर संचालकों ने दो हजार रुपए में ब्लैक में सिलेण्डर देना स्वीकार किया।

स्थान- रातानाडा शिवमंदिर तिराहा : घरेलू गैस के सिलेण्डरों से भरा ट्रैक्टर लेकर खड़े गैस एजेंसी कर्मचारी से ब्लैक में सिलेण्डर मांगा। पहले तो उसने मना किया, बाद में कहा कि गुरुवार को आ जाना, 2 हजार रुपए में मिल जाएगा।

स्थान - नागौरी गेट, विजय चौक : यहां भी गैस की टंकियों से भरा ट्रैक्टर खड़ा था। घर में शादी होने की बात कहकर सिलेण्डर मांगा तो उसने बाद में 2 हजार रुपए में सिलेण्डर देने की बात कही।

स्थान- नागौरी गेट, चारण सभा भवन : यहां गैस एजेंसी के ट्रैक्टर ऑपरेट करने वाले कार्मिक ने कहा कि उसके खुद के घर में शादी है। वह सिलेण्डर नहीं दे सकता।

स्थान- किशोर बाग, मगराज जी का टांका : यहां भी वेंडर ने सिलेण्डर देने से मना कर दिया। उसने कहा कि उसका सेठ कह दे तो भले ही तीन-चार ले जाओ। ट्रैक्टर भरा हुआ है।

एलपीजी संकट अपडेट

  • इण्डेन गैस का सर्वर लगातार तीसरे दिन पूरी तरह ठप रहा। इण्डेन में बुकिंग लगभग नहीं के बराबर रही। इण्डेन गैस संचालक अपने कार्यालय पहुंच रहे ग्राहकों को समझाते-समझाते थक गए क्योंकि उनका कम्प्यूटर सिस्टम ही नहीं चल रहा था। पहले से हुई बुकिंग की सप्लाई की गई।
  • एचपीसीएल और बीपीसीएल का सर्वर अटक-अटक कर चल रहा था। दोनों का आइवीआरएस सिस्टम भी बार-बार खराब रहा। यहां थोड़ी-बहुत बुकिंग हुई, लेकिन ग्राहकों की परेशानी खत्म नहीं हुई।
  • जिला रसद विभाग ने गैस सिलेण्डर की बुकिंग के लिए यूपीआइ इस्तेमाल करने का सुझाव दिया, लेकिन यूपीआइ भी सिलेण्डर बुकिंग में गैस कंपनियों के सर्वर का ही उपयोग करता है। ऐसे में सर्वर अटक रहा है तो यूपीआइ से भी बुकिंग नहीं होगी, लेकिन आइवीआरएस के स्थान पर इससे बुकिंग की संभावना अधिक है।
  • गैस एजेंसियों पर लगातार तीसरे दिन कतारें देखने को मिलीं। कुछ स्थानों पर गैस एजेंसी कार्यालय के कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच नोकझोंक भी हुई।
  • गैस एजेंसियों का कहना है कि वे बुकिंग के अनुसार घर तक सप्लाई पहुंचा रहे हैं, हॉकर्स से छीना-झपटी नहीं करें।
  • उधर तीनों गैस कंपनियों की एलपीजी गुरुवार को भी बनी रही। बुकिंग में जरूर समस्या है, लेकिन एलपीजी की आपूर्ति ठीक-ठाक हो रही है।

क्या कहते हैं ग्राहक

मैं दो-तीन दिन से परेशान हूं। न तो बुकिंग हो रही है और न ही सिलेण्डर मिल रहा है।

  • रामस्वरूप, उपभोक्ता

घर में सिलेण्डर अब खत्म होने वाला है, इसलिए दो दिन से सिलेण्डर लेने आ रहा हूं लेकिन मिल नहीं रहा है।

  • श्यामलाल, उपभोक्ता

डिस्ट्रिक्ट विजिलेंस यूनिट का गठन

जिले में घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशानुसार जिला रसद अधिकारी अंजुम ताहिर सम्मा की अध्यक्षता में मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के सभागार में गुरुवार को आयल मार्केटिंग कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संभावित प्रभावों की समीक्षा की गई।

यह वीडियो भी देखें

अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला रसद अधिकारी (डीएसओ) की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट विजिलेंस यूनिट का गठन किया गया है। यह यूनिट अवैध भंडारण, अवैध रिफिलिंग तथा कालाबाजारी पर 24 घंटे निगरानी रखेगी। साथ ही संभावित अवैध रिफिलिंग स्थलों का नियमित निरीक्षण भी किया जाएगा। घरेलू गैस से संबंधित शिकायतों के लिए संचालित कंट्रोल रूम की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन से अपील की गई कि गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना 112, 181, 0291-2650349, 2650350 तथा 1445 हेल्पलाइन नंबरों पर दी जा सकती है।