
प्रतीकात्मक तस्वीर
जोधपुर/बिलाड़ा। जोधपुर जिले के एक कस्बे में जेसीबी चालक घर के बाहर खेल रही तीन साल की बालिका को कुरकुरे दिलाने के बहाने मोटरसाइकिल पर अपहरण कर सुनसान जगह ले गया और बलात्कार किया। गंभीर हालत में बालिका को मकान के बाहर छोड़कर आरोपी भाग गया। रोने की आवाज सुनकर मां बाहर आई तो बच्ची ने पूरी बात बताई।
नजदीक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता को उम्मेद अस्पताल रेफर किया गया। उधर, वारदात से ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया और कस्बे के बाजार कर धरना देकर विरोध जताया। पुलिस ने पाली से आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) नारायण टोगस ने बताया कि कस्बे में रहने वाली तीन साल की बालिका सुबह घर के बाहर खेल रही थी। तभी आरोपी वहां आया।
उसने बालिका को अकेले देखा तो नीयत खराब हो गई। वह घरवालों को उसे कुरकुरे दिलाने के बहाने ले जाने का बताकर अपने साथ ले गया। वह मोटरसाइकिल पर उसे कस्बे के बाहर सुनसान जगह ले गया, जहां उसके साथ बलात्कार किया। इससे पीड़िता की हालत खराब हो गई। उसे रक्तस्त्राव शुरू हो गया। यह देख आरोपी घबरा गया। वह उसे मोटरसाइकिल पर बिठाकर मकान के बाहर लाया और वहीं छोड़कर भाग गया।
तबीयत खराब होने से बालिका रोने लगी। आवाज सुनकर मां मकान से बाहर आई तो बेटी को लहुलूहान हालत में देखा। उसने पूछा तो बालिका ने पूरी बात बताई। महिला ने फोन कर पति को बुलाया। आस-पास के लोग भी वहां एकत्रित हो गए। पीड़िता को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उम्मेद अस्पताल रेफर किया गया।
एसपी नारायण टोगस अस्पताल पहुंचे और पीड़िता के बारे में जानकारी ली। साथ ही वारदातस्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के दिशा निर्देश दिए। उधर, वारदात के बाद फरार मूलत: भरतपुर हाल पाली निवासी आरोपी को पाली से पकड़ लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी 25 साल का है। वह जेसीबी चलाता है। कुछ समय पहले उसने कस्बे में काम किया था। पीड़िता का चाचा भी ट्रैक्टर चलाता है तो दोनों में सम्पर्क हो गया। आरोपी चालक चाचा के साथ घर भी आने जाने लगा था। फिलहाल वह जेसीबी के साथ पाली में काम करता है। आरोपी मंगलवार को ही कस्बे में आया था। बुधवार सुबह वह पीड़िता के चाचा के साथ घर आया। चाचा किसी काम से निकल गया। आरोपी वहीं था। पीड़िता को अकेले खेलते देख उसकी नीयत खराब हो गई थी।
यह वीडियो भी देखें
वारदात का पता लगते ही कस्बे के ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। विश्व हिन्दू परिषद व अन्य संस्थाओं के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने कस्बे की दुकानें बंद कर दी। सभी धरना देकर बैठ गए। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर फांसी की सजा की मांग करने लगे। एकबारगी हालात तनावपूर्ण हो गए। अधिकारियों ने वार्ता कर समझाइश की। आरोपी को पाली से हिरासम में लिए जाने की जानकारी दी। तब सभी शांत हुए।
Updated on:
23 Oct 2025 10:04 am
Published on:
22 Oct 2025 06:43 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग

