जशपुर नगर, May 03, 2026

छत्तीसगढ़ सीएम बने 'राजमिस्त्री ( Photo - Patrika )
Sushasan Tihar: छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन तिहार मना रही है। इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लोगों के बीच पहुंचकर उनसे सीधा संवाद कर रही है। आज सीएम साय जशपुर जिले के प्रवास के दौरान उनका काफिला ग्राम भैंसामुड़ा रुक गया। इस दौरान सीएम ने राजमिस्त्री बन ग्रामीणों के मन में गहरी छाप छोड़ी। सीएम साय जब गांव से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन आवास पर पड़ी, जिसके बाद वे तुरंत वाहन से उतरकर मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया।
इस दौरान सीएम ने संवेदनशील और प्रेरणादायक पहल करते हुए खुद करणी और सीमेंट-गारा से ईंट जोड़कर निर्माण कार्य में भागीदारी निभाई। मुख्यमंत्री के खुद श्रमदान करने से वहां मौजूद लोग भावुक हो गए। वहां कार्यरत श्रमिकों से आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने उनके परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि यही मेहनत प्रदेश के विकास की वास्तविक ताकत है। मुख्यमंत्री को अपने हाथों से निर्माण कार्य में सहभागी होते देख वहां उपस्थित ग्रामीण भावुक हो उठे। यह दृश्य केवल एक प्रतीकात्मक पहल नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश बन गया।
हितग्राही अनुसुइया पैंकरा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका वर्षों पुराना सपना अब साकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उन्हें पक्का घर मिल रहा है, जिससे उनके परिवार का जीवन सुरक्षित और सम्मानजनक बनेगा। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर चंदागढ़ के राजमिस्त्री मोहन चक्रेश से भी चर्चा की। उन्होंने उनके रोजगार, दैनिक मजदूरी और पारिवारिक स्थिति के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री साय की यह पहल केवल एक औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह गरीबों के प्रति उनकी संवेदनशीलता, सहभागिता और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण बन गई। इस घटना ने ग्रामीणों के मन में शासन के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ किया। इस दौरान पत्थलगांव क्षेत्र की विधायक गोमती साय और अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर रोहित व्यास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
Published on: 03 May 2026 04:41 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।