Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जमकर हुई ग्राहकी…. इलेक्ट्रोनिक सामानों की खरीदारी पर जोर, बड़ी संख्या में बिके वाहन

पोकरण कस्बे में आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि की जयंती शनिवार को धनतेरस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

2 min read

पोकरण कस्बे में आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि की जयंती शनिवार को धनतेरस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। गौरतलब है कि दीपावली का छह दिवसीय त्योहार शनिवार को शुरू हुआ। पहले दिन धनतेरस के रूप में मनाया गया। इस दौरान बाजारों में सामान की जमकर बिक्री हुई। लोगों ने इलेक्ट्रोनिक सामानों के साथ ही वाहनों की खरीदारी की। इसके अलावा कपड़ों, मिठाइयों की भी अच्छी बिक्री हुई। ऐसे में बाजारों में दिनभर रौनक नजर आई। दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे रात में बाजार रोशनी से गुलजार हो उठा।

आज भी मनाई जाएगी धनतेरस

इस बार तिथियों में त्रयोदशी दो दिन तक होने से कई लोग रविवार को भी धनतेरस का पर्व मनाएंगे। हालांकि त्रयोदशी रविवार को दोपहर तक ही है, लेकिन सुबह के शुभ मुहुर्त में कई लोग खरीदारी करेंगे। साथ ही भगवान धन्वंतरि की पूजा भी की जाएगी।

की धन्वंतरि की पूजा

कस्बे में आरोग्य के देवता भगवान धन्वन्तरि की जयंती शनिवार को धनतेरस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस मौके पर लोगों ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि, शांति एवं मंगल स्वास्थ्य की कामना की। हालांकि कई जगहों पर रविवार को भी भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाएगी।

बाजार में जमकर हुई खरीददारी

नई वस्तुएं खरीदने के लिए परंपरागत रूप से धनतेरस का दिन शुभ माना जाता है। इस दिन लोग नई वस्तुएं खरीदकर अपने घर लाते है और उसका दीपावली पर पूजन कर उपयोग लिया जाता है। शनिवार को धनतेरस के मौके पर लोगों ने सोना, चांदी, इलेक्ट्रोनिक्स आइटम, नए बर्तनों के साथ ही नए वाहन व वस्त्रों की जमकर खरीददारी की। कस्बे की दुकानों में खरीददारों की भीड़ लगी रही। दुकानदारों ने भी दीपावली के मौके पर सामान खरीदने पर आकर्षक ईनामी योजनाएं व कीमतों में छूट देकर ग्राहकों को लुभाने व अपनी ओर आकर्षित करने के भरपूर प्रयास किए। कस्बे के सदर बाजार, स्टेशन रोड, जयनारायण व्यास सर्किल, जोधपुर व जैसलमेर रोड पर स्थित दुकानों में विशेष भीड़ देखी गई। दीपोत्सव पर्व की रोनक शनिवार को चरम पर रही। कस्बे के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने दीपावली पूजन की सामग्री, पटाखे, वस्त्र, आभूषण, चांदी के सिक्के व बर्तन, फर्नीचर, दीपक व परम्परागत मिट्टी के बर्तनों की खरीद की।

सडक़ों पर लगा रैला

धनतेरस के मौके पर शनिवार को कस्बे के सभी सडक़ मार्गों पर लोगों की चहल-पहल बनी रही। कस्बे के जोधपुर रोड, अस्पताल रोड, जैसलमेर रोड, जयनारायण व्यास सर्किल, नगरपालिका रोड, पंचायत समिति के आसपास का मार्केट व गांधी चौक की दुकानों पर सुबह 10 बजे से ही ग्राहकों के आने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान प्रशासन व पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। किसी भी तरह की अप्रिय वारदात न हो, लोगों की खुशी में खलल न पड़े और कस्बे में कानून एवं शांति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से कस्बे को अलग-अलग जॉन में बांटकर गश्त की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीणकुमार सैन, वृताधिकारी भवानीसिंह राठौड़ व थानाधिकारी छत्तरसिंह देवड़ा के निर्देशन में पुलिस ने दिन व रात में गश्त कर कानून, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की और सभी लोगों से शांति बनाए रखने का आह्वान किया।