
बीसलपुर बांध (फोटो-पत्रिका)
Drinking Water Crisis: जयपुर. पृथ्वीराज नगर फेज-2 और आसपास की कॉलोनियों में बीसलपुर का पानी पहुंचाने की योजना लोगों के लिए राहत बनने के बजाय इंतजार की वजह बन गई है। वर्षों से स्वच्छ पेयजल की उम्मीद लगाए बैठे हजारों परिवार अब जल कनेक्शन के लिए कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। जैसे-जैसे टंकियों का निर्माण पूरा हो रहा है, वैसे-वैसे आवेदन की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन प्रक्रिया की धीमी रफ्तार ने समस्या और गहरा दी है।
झोटवाड़ा के करधनी क्षेत्र में सहायक अभियंता स्तर पर ही 4 हजार से ज्यादा जल कनेक्शन महीनों से लंबित पड़े हैं। अधिकारी तर्क दे रहे हैं कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में आवेदन आने से पेंडेंसी बढ़ रही है, लेकिन आमजन के लिए यह देरी भारी पड़ रही है। कई कॉलोनियों में अभी भी लोग टैंकरों या निजी बोरवेल पर निर्भर हैं, जिससे खर्च और परेशानी दोनों बढ़ रहे हैं।
स्थिति तब और जटिल हो गई जब ठेकेदार स्तर पर सामग्री की कमी सामने आई। करीब 1500 कनेक्शन सामग्री उपलब्ध न होने के कारण अटके हुए हैं। साइट वैरिफिकेशन के लिए भी सैकड़ों आवेदन लंबित हैं, जबकि डिमांड नोट सीमित संख्या में ही जारी हो सके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रक्रिया में तेजी नहीं लाई गई तो गर्मियों में जल संकट और गहरा सकता है। प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद की जा रही है ताकि बीसलपुर का पानी हर घर तक पहुंच सके।
Published on:
15 Feb 2026 11:31 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
