
जयपुर मेट्रो। फोटो: पत्रिका
जयपुर। शहर में परिवहन को विकसित करने के लिए भजनलाल सरकार राजस्थान बजट 2026 में मेट्रो के फेज-2 को लेकर बड़ी घोषणा कर सकती है। फेज-2 के पहले पैकेज में प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक मेट्रो का काम होना है। मेट्रो के अगले फेज और इसके विस्तार को लेकर भी बजट में घोषणाएं हो सकती हैं।
गौरतलब है कि जयपुर शहर लगातार चारों दिशाओं में अनियंत्रित रूप से फैल रहा है जिसके बाद से ही परिवहन के साधनों की कमी स्पष्ट नजर आती है। इस कमी को दूर करने के लिए मेट्रो फेज-2 का तीव्र विकास करने का प्रयास किया जा सकता है।
जयपुर मेट्रो फेज-2 की कुल लंबाई 42.80 किलोमीटर होगी। इसका पहला चरण लगभग 11 किलोमीटर लंबा होगा, जिसके तहत 10 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। ये स्टेशन प्रह्लादपुरा, मानपुरा, बिलवा कला, बिलवा, गोनर मोड़, सीतापुरा, जेईसीसी, कुंभा मार्ग, हल्दीघाटी गेट और पिंजरापोल गोशाला होंगे।
मेट्रो फेज-2 शुरू होने से जयपुर के दक्षिण-पश्चिम इलाकों को नई और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इस विस्तार से शहरी विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है, क्योंकि आसपास के इलाकों में व्यापार, आर्थिक गतिविधियां और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। इससे शहर की सड़कों पर बढ़ रहा ट्रैफिक दबाव कम होगा और लोगों का सफर पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।
यह मेट्रो कॉरिडोर शहर के प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक और शैक्षणिक क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगा। साथ ही विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया (VKI) और सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र को भी मेट्रो से जोड़ा जाएगा, जिससे वहां काम करने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
Updated on:
11 Feb 2026 11:05 am
Published on:
10 Feb 2026 08:33 pm
