29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर, May 16, 2026

Monsoon 2026 Update: तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा मानसून, 6 दिन पहले पहुंचा अंडमान; जानें राजस्थान में कब होगी एंट्री?

Monsoon 2026 Update: दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। इस बार मानसून सामान्य समय से पहले पहुंच रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य से 6 दिन पहले शनिवार को अंडमान द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर चुका है। जानें राजस्थान में मानसून की कब होगी एंट्री?

south west Monsoon

दक्षिण-पश्चिम मानसून अपडेट (फोटो-IMD)

जयपुर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच राहतभरी खबर सामने आई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और सामान्य समय से पहले दस्तक देने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने तय समय से करीब छह दिन पहले शनिवार को अंडमान-निकोबार क्षेत्र में प्रवेश कर लिया है। इसके बाद अब लोगों की नजरें केरल और राजस्थान में मानसून की एंट्री पर टिकी हैं।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार मानसून दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के कई हिस्सों, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और श्री विजयपुरम सहित अंडमान द्वीप क्षेत्र के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले 3 से 4 दिनों में मानसून दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, अंडमान सागर और पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के शेष क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ सकता है।

26 मई तक केरल तट पर पहुंच सकता है मानसून

मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार मानसून 26 मई तक केरल तट पर पहुंच सकता है, जबकि इसकी सामान्य तिथि 1 जून मानी जाती है। यानी इस बार मानसून करीब पांच दिन पहले केरल पहुंच सकता है।

राजस्थान में कब होगी मानसून की एंट्री

यदि यही रफ्तार बनी रहती है तो राजस्थान में भी मानसून सामान्य समय से पहले दस्तक दे सकता है। आमतौर पर प्रदेश में मानसून 25 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसके करीब पांच दिन पहले यानी 20 जून के आसपास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

इन जगहों पर जमकर हो रही बारिश

पिछले दो दिनों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के आसपास व्यापक बारिश दर्ज की गई है। साथ ही समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक पछुआ हवाएं सक्रिय हैं। इन हवाओं की गति 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई है, जो मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल संकेत माने जा रहे हैं।

मानसून से पहले भीषण गर्मी का अलर्ट

हालांकि मानसून के आने से पहले उत्तर और पश्चिम भारत को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। आईएमडी ने उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अगले कई दिनों तक लू चलने की आशंका जताई है।

राजस्थान मौसम अपडेट

राजस्थान की बात करें तो मौसम केंद्र जयपुर ने आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है। बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और चूरू में तापमान 44 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं जयपुर, अजमेर, अलवर, भरतपुर और कोटा संभाग में भी तेज गर्मी का असर बना रहेगा। ऐसे में फिलहाल प्रदेशवासियों को गर्मी की मार झेलनी होगी, लेकिन मानसून की तेज रफ्तार ने राहत की उम्मीद जरूर जगा दी है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें