
जयपुर शहर में देर रात गिरी बौछारें, पत्रिका फोटो
Jaipur Weather Update: जयपुर में बीते दिनों से पारे में बढ़ोतरी से शुष्क मौसम का मिजाज मंगलवार रात फिर बदल गया। शहर के कई इलाकों में देर रात तक रिमझिम बौछारों का दौर चला जिसके कारण मौसम में फिर से ठंडक महसूस हुई। मौसम विभाग ने 18 फरवरी को प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम केन्द्र के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मंगलवार को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते मंगलवार शाम को कई जगह मौसम बदल गया। दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई। वहीं, शाम को अचानक बादल छा गए और हवाएं चली। मौसम केन्द्र के अनुसार मंगलवार को 17 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में सात डिग्री तक बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक दिन का तापमान बाड़मेर में 33 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, जयपुर, चूरू और झुंझुनूं जिले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार जिलों और आसपास के इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने नागौर,बीकानेर, राजसमंद, अजमेर, अलवर, दौसा, भरतपुर, करौली, टोंक और कोटपूतली समेत आसपास के भागों में कहीं कहीं आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवा संग हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार 18 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता सर्वाधिक रहने पर प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में कहीं कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी होने की आशंका है। मौसम विभाग ने किसानों को भी रबी फसलों की पैदावार को सुरक्षित स्थानों पर रखने की हिदायत दी है।
Updated on:
18 Feb 2026 12:14 am
Published on:
18 Feb 2026 12:13 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
