
सीएम भजनलाल शर्मा ने किया ध्वजारोहण (फोटो- पत्रिका)
Republic Day 2026: राजधानी जयपुर में 77वें गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति, उल्लास और गरिमा का वातावरण देखने को मिला। सुबह से ही शहर के प्रमुख स्थलों, सरकारी कार्यालयों, राजनीतिक दलों और सामाजिक संस्थाओं में ध्वजारोहण व कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गणतंत्र दिवस की शुरुआत प्रातः 7:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पर ध्वजारोहण कर की।
इसके बाद मुख्यमंत्री सुबह 8 बजे बड़ी चौपड़ पहुंचे, जहां आयोजित समारोह में उन्होंने तिरंगा फहराया। सुबह 8:30 बजे वे भाजपा मुख्यालय पहुंचे और पार्टी के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। सुबह 9:10 से 9:17 बजे के बीच मुख्यमंत्री अमर जवान ज्योति स्थल, जनपथ पहुंचे। जहां उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
राज्य स्तरीय मुख्य समारोह सवाई मान सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ। सुबह 9:30 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को संबोधित किया। परेड, झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को भव्य रूप दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, पुलिस बल और अन्य टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट किया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
मुख्य समारोह के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर पहुंचे, जहां आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भी उन्होंने शिरकत की। उधर, शहर भाजपा की ओर से बड़ी चौपड़ सहित अन्य स्थानों पर भी उत्साह के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया।
जयपुर शहर के कोने-कोने में देशभक्ति का रंग नजर आया। सरकारी दफ्तरों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आवासीय कॉलोनियों में तिरंगा फहराया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई और कई जगह सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, देशभक्ति गीत, भाषण तथा बच्चों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे शहर में गणतंत्र दिवस का पर्व सौहार्द और गर्व के साथ मनाया गया।
बड़ी चौपड़ पर गणतंत्र दिवस का आयोजन हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। इस पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।
मैं उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करता हूं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन, जिन्होंने हमें संविधान दिया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है। पूरी दुनिया में भारत अर्थव्यवस्था के मामले में चौथे स्थान पर पहुंच चुका है। राजस्थान में भी डबल इंजन सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है।
बड़ी चौपड़ पर कांग्रेस द्वारा गणतंत्र दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर टीकाराम जूली ने कहा कि गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देता हूं। हमारा गणतंत्र विभिन्न धर्मों, भाषाओं और बोलियों का संगम है। आज गणतंत्र पर हमले हो रहे हैं।
संविधान की बदौलत सत्ता में आने वाले ही आज संविधान को कमजोर कर रहे हैं। गणतंत्र ने हमें मतदान का अधिकार दिया, लेकिन अब वोट काटे जा रहे हैं। सत्ता में बैठे लोग कमियां सुनना नहीं चाहते। गणतंत्र में शंकराचार्य का अपमान हो रहा है। सनातन पर भी प्रहार किए जा रहे हैं। गौ हत्या के खिलाफ आवाज उठाने वालों से डिग्री पूछी जा रही है। जो खुद अपनी डिग्री नहीं दिखा पाए, वे शंकराचार्य से प्रमाण पत्र मांग रहे हैं।
इस दौरान पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। पूर्व मंत्री महेश जोशी, प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रफीक खान, विधायक अमीन कागजी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरआर तिवाड़ी, पूर्व मंत्री बृजकिशोर शर्मा, सेवादल अध्यक्ष हेम सिंह शेखावत सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
Updated on:
26 Jan 2026 10:57 am
Published on:
26 Jan 2026 09:12 am
