13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan LPG Crisis: कहीं कंधे पर सिलेंडर तो कहीं चूल्हे पर सेकी रोटी, राजस्थान में LPG संकट पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

Rajasthan Congress Protest: राजस्थान में एलपीजी सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस में आक्रोश व्याप्त है। प्रदेशभर में कांग्रेस ने शुक्रवार को सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध-प्रदर्शन किया।

3 min read
Google source verification
Rajasthan Congress Protest

जयपुर में कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन। फोटो: पत्रिका

जयपुर। राजस्थान में एलपीजी सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस में आक्रोश व्याप्त है। प्रदेशभर में कांग्रेस ने शुक्रवार को सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध-प्रदर्शन किया। कहीं जिलाध्यक्ष कंधे पर सिलेंडर उठाकर पहुंचे तो कहीं पूर्व मंत्री ठेला लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहीं, पाली में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने चूल्हा जलाकर चाय बनाई और रोटी सेककर अनोखे अंदाज में विरोध जताया।

राजधानी जयपुर में रसोई गैस की किल्लत और बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार सुबह 10 बजे चांदपोल स्थित संजय सर्कल पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि केन्द्र सरकार की गलत विदेश नीतियों के कारण देश में ईंधन का संकट पैदा हो गया है और महंगाई बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि देश में एलपीजी की कमी से लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार समस्या स्वीकार करने की बजाय बयानबाज़ी में लगी हुई है। यह सरकार की बड़ी विफलता है कि लोग गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़े हैं, जबकि समाधान की दिशा में ठोस कदम दिखाई नहीं दे रहे।

सिलेंडर उठाकर धरना स्थल पर पहुंचे नेता

नागौर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हनुमानराम बांगड़ा सिलेंडर उठाकर धरना स्थल पर पहुंचे। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पीएम मोदी का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती गैस की कीमतों से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है।

महिलाओं ने सिगड़ी पर सब्जी बनाकर किया प्रदर्शन

अजमेर के ज्योतिबा फुले सर्किल से कलक्ट्रेट तक कांग्रेस ने रैली निकाली। कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान कांग्रेस बैरिकेड्स पर चढ़ गए और जमकर नारेबाजी की। पूर्व मंत्री रघु शर्मा ठेले पर गैस की टंकी लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। वहीं महिलाओं ने सिगड़ी पर सब्जी बनाकर प्रदर्शन किया। शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल और ग्रामीण अध्यक्ष विधायक विकास चौधरी के नेतृत्व में यहां प्रदर्शन किया गया।

इधर, अजमेर शहर में अलग-अलग गैस एजेंसियों के बाहर लोग बुकिंग नहीं होने पर सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज दिखाई दिए। शिकायतें सामने आने के बाद अजमेर कलक्टर लोकबंधु और एसपी बंदिता राणा ने शहर के अलग-अलग गैस एजेंसियों का जायजा लिया और एजेंसी संचालकों को जल्द समाधान के निर्देश दिए।

चूल्हे पर चाय और रोटी बनाकर प्रदर्शन

पाली में कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। कांग्रेस महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष एश्वर्या सांखला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट के सामने खाली सिलेंडर उल्टे रखकर चूल्हे पर चाय और रोटी बनाई। इसके बाद पुतला फूंका और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

अलवर में नाले में पाइप डालकर चूल्हा जलाने की कोशिश

अलवर में मिनी सचिवालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकताओं ने नाले में पाइप डालकर चूल्हा जलाने की कोशिश की। साथ ही हाथों में तख्तियां लेकर आए कार्यकर्ताओं ने गैस संकट और बढ़ती महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल तिजारा द्वारा बढ़ती गैस की कीमतों से आमजन को हो रही परेशानियों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।

धौलपुर में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी

धौलपुर में गांधी पार्क में आयोजित विरोध-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रसोई गैस के दाम कम करने की मांग की। उन्होंने गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

इस दौरान बसेड़ी विधायक संजय जाटव, धौलपुर विधायक शोभा रानी कुशवाहा, जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी खेल प्रकोष्ठ गुड्डू लोधा, पूर्व जिला अध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा और कांग्रेस नेता अमित मुदगल सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार कोटा शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बढ़ती गैस की कीमतों से आमजन को हो रही परेशानियों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।