13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लू से बचने के लिए बना ‘हीट एक्शन प्लान’, तपती गर्मी से मिलेगी राहत

जयपुर। गर्मी में तपने वाली धरती को लेकर राहत की खबर है। नगर निगम ने ‘हीट एक्शन प्लान’ तैयार कर लिया है। इसे दो चरणों में लागू किया जाएगा। हीट वेव (लू) चलने पर इसका शॉर्ट टर्म लागू किया जाएगा। वहीं तेज गर्मी के दौरान लॉन्ग टर्म भी लागू हो जाएगा। इसमें नगर निगम के […]

2 min read
Google source verification

जयपुर। गर्मी में तपने वाली धरती को लेकर राहत की खबर है। नगर निगम ने ‘हीट एक्शन प्लान’ तैयार कर लिया है। इसे दो चरणों में लागू किया जाएगा। हीट वेव (लू) चलने पर इसका शॉर्ट टर्म लागू किया जाएगा। वहीं तेज गर्मी के दौरान लॉन्ग टर्म भी लागू हो जाएगा। इसमें नगर निगम के साथ स्वास्थ्य और मौसम विभाग मिलकर काम करेंगे। ‘हीट एक्शन प्लान’ को लेकर गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय में एक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों को इस प्लान की जानकारी दी गई, साथ ही इसे लागू करने को लेकर भी चर्चा की गई।

निगम अधिकारियों के अनुसार, ‘हीट एक्शन प्लान’ शॉर्ट टर्म में ग्रीन शेड लगाने के साथ वाटर स्प्रिंकलर लगाए जाएंगे। लॉन्ग टर्म में इस बार पौधरोपण में विशेष फोकस रहेगा। गर्मी से बचाव के लिए हीट रिफ्लेक्टिव कोटिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। शहर में कुलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। शहर में एक कूलिंग स्टेशन तैयार भी हो गया है, अब निगम अधिक तापमान वाले क्षेत्रों में ऐसे स्टेशन बनाने की तैयारी कर रहा है।

ये भी होंगे काम

योजना के तहत रंग-कोड आधारित चेतावनी प्रणाली (अर्ली वार्निंग सिस्टम), अस्पतालों में ओआरएस का भंडारण, हीट-हेल्थ सुविधाएं, चरणबद्ध प्रतिक्रिया तंत्र और जागरूकता अभियान को शामिल किया गया है। बुजुर्गों, बच्चों, बाहरी श्रमिकों और झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों तक पहुंच के लिए सामुदायिक कार्यक्रम चलाए जाएंगे। यह पहल राजस्थान के स्टेट एक्शन प्लान ऑन क्लाइमेट चेंज के साथ समन्वय कर लागू की जाएगी।

इन पर दिया ध्यान

जयपुर हीट एक्शन प्लान को महिला हाउसिंग ट्रस्ट और नगर निगम जयपुर के सहयोग से तैयार किया गया है। योजना का उद्देश्य शहर को अत्यधिक गर्मी की परिस्थितियों से निपटने के लिए अधिक तैयार और सक्षम बनाना है। इसमें मानव स्वास्थ्य पर गर्मी के प्रभावों जैसे हीट स्ट्रोक, थकावट और हृदय संबंधी बीमारियों पर विशेष ध्यान दिया गया है।

गर्मी से राहत की महत्वपूर्ण पहल

कार्यशाला में स्वायत्त शासन विभाग के सचिव रवि जैन ने कहा कि जयपुर हीट एक्शन प्लान भीषण गर्मी के दौरान आमजन को राहत देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके सकारात्मक परिणाम भविष्य में देखने को मिलेंगे।
निदेशक जुईकर प्रतीक चंद्रशेखर ने बताया कि जयपुर हीट एक्शन प्लान का उद्देश्य अत्यधिक गर्मी से जुड़े जोखिमों के प्रति तैयारी को मजबूत करना और आमजन को राहत प्रदान करना है।

पुस्तिका भी तैयार

कार्यशाला में जयपुर हीट एक्शन प्लान पर तैयार पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में महिला हाउसिंग ट्रस्ट की बिजल ब्रह्मभट्ट, जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम आदि ने भी सुझाव दिए।

पत्रिका ने बताया था सच…

राजस्थान पत्रिका ने 2 जुलाई को 'गर्मी में तपतपाती जयपुर की धरती, पत्रिका हीट मैप से खुला तापमान का सच' शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर जयपुर में बढ़ते तापमान और उसके कारणों को लेकर खुलासा किया गया। इसके बाद नगर निगम ने यह ‘हीट एक्शन प्लान’ तैयार करवाया है। अब निगम अधिकारी इसे धरातल पर लागू करने की तैयारी में जुट गए हैं।

नि:शुल्क तैयार किया..
यह हीट एक्शन प्लान पूरी तरह नि:शुल्क तैयार किया गया है। यह योजना हीट वेव और गर्मियों से निपटने के लिए बेहद कारगर साबित होगी। इसे फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जयपुर में शुरू किया जा रहा है।
- डॉ. गौरव सैनी, आयुक्त नगर निगम