
Thyroid Early Symptoms (Photo- gemini ai)
Thyroid Early Symptoms: अक्सर हमें कब्ज, लगातार थकान या नींद ठीक से न आना जैसी परेशानियां होती रहती हैं। ज्यादातर लोग इसे खराब लाइफस्टाइल, कम पानी पीना, फाइबर की कमी, देर रात मोबाइल चलाना या ज्यादा तनाव का नतीजा मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन कई बार ये मामूली लगने वाले लक्षण थायरॉइड की गड़बड़ी का संकेत भी हो सकते हैं।
थायरॉइड एक छोटा सा, तितली के आकार का ग्रंथि (ग्लैंड) है, जो गर्दन के आगे की तरफ होती है। यह हमारे शरीर का मेटाबॉलिज्म कंट्रोल करता है यानी शरीर कितनी तेजी से काम करेगा, ऊर्जा कैसे बनेगी और कई जरूरी प्रक्रियाएं कैसे चलेंगी। जब थायरॉइड हार्मोन कम या ज्यादा बनने लगते हैं, तो शरीर का संतुलन बिगड़ जाता है और धीरे-धीरे लक्षण दिखने लगते हैं। एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ. श्वेता बुद्याल बताती हैं कि थायरॉइड की समस्या कई बार बिना साफ संकेत दिए चुपचाप शरीर में बनी रहती है, इसलिए लोग इसके शुरुआती लक्षण पहचान नहीं पाते।
अगर आपको बार-बार कब्ज की शिकायत रहती है और दवाइयों या घरेलू उपायों से भी राहत नहीं मिल रही, तो यह थायरॉइड से जुड़ा हो सकता है। डॉ. बुद्याल के मुताबिक, जब थायरॉइड हार्मोन कम हो जाता है, तो पाचन तंत्र धीमा हो जाता है। इससे पेट भारी लगना, गैस, सूजन और मल साफ न होना जैसी दिक्कतें शुरू हो जाती हैं। सिर्फ जुलाब लेने के बजाय वजह पर ध्यान देना जरूरी है।
दिनभर काम न करने के बावजूद अगर आपको हर वक्त थकान महसूस होती है, तो इसे सिर्फ तनाव मानकर न टालें। थायरॉइड कम होने पर शरीर की गति धीमी पड़ जाती है। ऐसे में छोटी-छोटी गतिविधियों से भी इंसान थक जाता है। ध्यान लगाने में दिक्कत, मानसिक सुस्ती और बिना किसी वजह के ऊर्जा की कमी थायरॉइड का संकेत हो सकती है।
नींद की परेशानी को अक्सर मोबाइल, स्क्रीन टाइम या टेंशन से जोड़ दिया जाता है। लेकिन थायरॉइड गड़बड़ी भी इसका कारण हो सकती है। ज्यादा थायरॉइड (हाइपरथायरॉइड) में शरीर जरूरत से ज्यादा एक्टिव रहता है, जिससे रात में नींद नहीं आती। वहीं कम थायरॉइड (हाइपोथायरॉइड) में शरीर दर्द, बेचैनी या घबराहट के कारण नींद से दूर रहता है।
थायरॉइड की समस्या में कुछ और लक्षण भी दिख सकते हैं, जैसे बिना वजह वजन बढ़ना या घटना, गर्मी या ठंड ज्यादा लगना, त्वचा का रूखा होना और बालों का पतला या ज्यादा झड़ना। अगर ये लक्षण लंबे समय तक बने रहें, तो उन्हें नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और सही इलाज से थायरॉइड को कंट्रोल किया जा सकता है और सेहत को बेहतर रखा जा सकता है।
Published on:
02 Feb 2026 03:17 pm

बड़ी खबरें
View Allस्वास्थ्य
ट्रेंडिंग
लाइफस्टाइल
