
हनुमानगढ़: भाखड़ा नहर में प्रवाहित पानी।
हनुमानगढ़. नहरी तंत्र पर सरकार ने मेहरबानी दिखाते हुए बुधवार को पेश किए गए बजट में नहरों के पुनरोद्धार कार्य को लेकर बजट स्वीकृति प्रदान की। इसमें हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर जिले में 225 करोड़ की लागत से भाखड़ा नहर प्रणाली की सार्दुल ब्रांच की रिलाईनिंग का कार्य करवाया जाएगा। इसी तरह हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर जिले में 80 करोड़ रुपए की लागत से भाखड़ा नहर प्रणाली की करणी सिंह ब्रांच की रिलाईनिंग को लेकर भी बजट स्वीकृति की गई है। जिले में 75 करोड़ की लागत से नोहर वितरिका, जसाना मेजर, मलवानी माईनर-सब माईनर, बिरकाली, लालपुरा, करोति, ललाना, अप्पूवाला, चारण वाली, रायसिंहपुरा, फेफाना माईनर की नहरों के रिलाईनिंग कार्य करवाने की घोषणा की गई है। जिले में 2 करोड़ की लागत से सिद्धमुख नोहर फीडर (हरियाणा भाग) की बुर्जी 0 से 160.4 तक एवं सिद्धमुख फीडर (हरियाणा भाग) 38 किमी लम्बाई के जीर्णोद्धार के लिए डीपीआर बनाने का ऐलान किया। जिले में 10 करोड़ की लागत से सिद्धमुख सिंचाई प्रणाली की (नोहर) रासलाना वितरिका नहर के बड़बिराना माइनर का मरम्मत कार्य करवाए जाने का निर्णय भी लिया गया। गौरतलब है कि भाखड़ा परियोजना की दो अहम नहरें सार्दुल सिंह ब्रांच तथा करणी सिंह ब्रांच नहर की दोबारा लाइनिंग करवाने के लिए कुल 395 करोड़ की डीपीआर तैयार कर सरकार को भिजवाई गई थी। इसे देखते हुए सरकार ने बजट स्वीकृति जारी कर दी है। इससे आने वाले समय में भाखड़ा नहर की स्थिति काफी मजबूत हो सकेगी। वर्तमान में जगह-जगह से नहर की लाइनिंग जर्जर हो गई है। इस वजह से क्षमता के अनुसार इनमें पानी नहीं प्रवाहित हो रहा है। अब सरकार ने की नजरें इस इस नहर पर इनायत की गई है। इससे आने वाले दिनों में इस नहर की तस्वीर बदली हुई नजर आएगी।
पत्रिका ने उठाया मुद्दा
राजस्थान पत्रिका ने भाखड़ा नहरों की बदहाली को लेकर समय-समय पर समाचारों का प्रकाशन किया। 11 फरवरी के अंक में ‘सरकार हुई मेहरबान तो बदल जाएगी भाखड़ा नहर की तस्वीर’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। सरकार ने इस समस्या को समझकर बजट स्वीकृति जारी की है। इससे निश्चित तौर पर हजारों किसानों को लाभ मिलेगा।
Published on:
11 Feb 2026 07:00 pm
