
मेडिकल कॉलेज छात्रावास में घटनास्थल का निरीक्षण करती पुलिस (फोटो- पत्रिका)
हनुमानगढ़: राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित छात्रावास में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक का साथी छात्र जब कमरे में गया तो अंदर से बंद मिला। निरंतर दस्तक देने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो जंक्शन थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने खिड़की का शीशा तोड़कर भीतर से दरवाजा खुलवाया। अंदर छात्र फंदे पर झूल रहा था।
जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां ने बताया कि सूचना पर जब बुधवार देर शाम पुलिस मौके पर पहुंची तो एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र संदीप गुर्जर (22) पुत्र रामपाल गुर्जर निवासी कोटपूतली का शव छात्रावास के कमरे में फंदे पर झूलता मिला। उसने अलमारी से रस्सी बांधकर फंदा बनाया था। छात्रावास के कक्ष में दो विद्यार्थी रहते हैं।
घटना के समय उसका सहपाठी बाहर गया हुआ था। वह जब वापस लौटा तो कमरा भीतर से बंद था। कई बार संदीप को कमरा खोलने के लिए आवाज दी, मगर कोई जवाब नहीं मिला। इस पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सूचना दी गई। कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस पहुंची।
शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया तथा मृतक के परिजनों को सूचना दी। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजन शव लेकर दाह संस्कार के लिए कोटपूतली रवाना हो गए। वे वापस आकर मृतक का कमरा आदि देखेंगे। इसके बाद उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां के नेतृत्व में गुरुवार सुबह एफएसएल टीम छात्रावास पहुंची तथा घटना स्थल का मुआयना किया। आवश्यक साक्ष्य लिए गए। इस दौरान पुलिस ने कुछ कागज भी कब्जे में लिए। हालांकि, पुलिस ने सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं की है। एफएसएल टीम के जांच के दौरान कमरे के बाहर मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी एकत्र रहे।
मृतक संदीप के साथी विद्यार्थियों ने बताया कि वह अंतर्मुखी था। शांत और शर्मिले स्वभाव का था। जल्दी से वह किसी से घुलता-मिलता नहीं था।
अभी स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। मृतक अंतर्मुखी स्वभाव का था। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
-मिनाक्षी, सीओ सिटी, हनुमानगढ़
Updated on:
09 Jan 2026 06:02 am
Published on:
09 Jan 2026 05:49 am
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
