हमीरपुर, Apr 25, 2026

हमीरपुर के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में चार दिन पहले हाईवे किनारे लीना नाला पुल के पास मिले अज्ञात युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह मामला किसी सामान्य अपराध का नहीं, बल्कि ‘प्यार, पैसे और धोखे’ के बीच उपजे विवाद का खौफनाक परिणाम निकला। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है, जिसने मामूली रुपये के विवाद में अपनी ही परिचित युवती की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
मंगलवार शाम हाईवे किनारे शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। शुरुआती जांच में पुलिस के पास कोई स्पष्ट सुराग नहीं था, लेकिन घटनास्थल के पास स्थित एक ढाबा संचालक के बयान ने मामले की दिशा बदल दी। ढाबा संचालक ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन एक ट्रक चालक और युवती के बीच पैसों को लेकर तीखी बहस हुई थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच तेज करते हुए शनिवार सुबह इटरा मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान महेंद्र कुमार पाल (34), निवासी साढ़ थाना क्षेत्र, कानपुर नगर के रूप में की गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि मृतका से उसकी पहले से जान-पहचान थी और दोनों के बीच मित्रता का संबंध था। वह अक्सर युवती को अपने ट्रक में साथ लेकर यात्रा पर जाता था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों के बीच नजदीकी संबंध थे और घटना वाले दिन भी युवती उसके साथ ट्रक में मौजूद थी।
घटना वाले दिन वह कानपुर से ट्रक में माल लादकर जबलपुर जा रहा था। रास्ते में युवती भी उसके साथ थी। दोनों ने यात्रा के दौरान शराब का सेवन किया और सुमेरपुर क्षेत्र में एक ढाबे पर रुके। इसी दौरान युवती ने अतिरिक्त पैसे की मांग की, जिस पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। युवती ने शोर मचाने और लोगों को बुलाने की धमकी दी, जिससे आरोपी घबरा गया। नशे की हालत में उसने ट्रक के अंदर ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया और बाद में शव को हाईवे किनारे फेंककर फरार हो गया था।
संबंधित विषय:
Updated on: 25 Apr 2026 11:03 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।