Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में सुबह से लगीं लंबी कतारें

ऊं नम: शिवाय से गूंजे शिवालय

2 min read
Google source verification
सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में सुबह से लगीं लंबी कतारें

सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में सुबह से लगीं लंबी कतारें

ग्वालियर. 19 साल बाद इस साल दो श्रावण मास पड़े हैं। इसके पहले सोमवार को शिवालयों में अल सुबह से श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा था। अचलेश्वर महादेव, गुप्तेश्वर महादेव, कोटेश्वर महादेव, भूतेश्वर महादेव, मारकंडेश्वर महादेव, हजारेश्वर महादेव, मंगलेश्वर महादेव, बंधौली एवं गिरगांव के महादेव मंदिर सहित शहर के प्रमुख शिवालयों में दिनभर बम-बम भाेले, हर-हर महादेव का जयघोष होता रहा अचलेश्वर मंदिर पर इतनी भीड़ हो गई कि सुबह से ही चार पहिया वाहन डायवर्ट करने पड़े। यहां सुबह 6 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई थी। श्रद्धालुओं ने मंदिरों के साथ घरों में भी व्रत-उपवास करते हुए भगवान शंकर का अभिषेक कर उन्हें धतूरा, बेल-पत्र, भांग, दूध आदि अर्पित किए।

अचलेश्वर मंदिर : अचलेश्वर महादेव मंदिर पर सुबह 3 बजे से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। यहां पुलिस के महिला एवं पुरुष जवानों के साथ मंदिर न्यास की ओर से 20 बाउंसरों को वॉकी-टॉकी के साथ तैनात किया गया था। मंदिर में श्रद्धालुओं को तीन द्वार से प्रवेश दिया गया एवं और तीन निकास द्वार से बाहर निकाला गया। नंदी बाबा की ओर के एक प्रवेश द्वार को महिलाओं के लिए आरक्षित कर उन्हें प्रवेश एवं निकास कराया। मंदिर के चौथे द्वार को बेरिकेड व रैलिंग लगाकर बाहर से दर्शन करने वालों के लिए विशेष व्यवस्था की गई। मंदिर पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहा। मंदिर के बाहर लोहे के पात्र लगाए गए थे, जो श्रद्धालु मंदिर के अंदर नहीं गए, उन्होंने इन पात्रों में जल डाला, जो सीधे अचलनाथ की पिंडी पर पहुंचा। श्रद्धालुओं के दो पहिया वाहन जीवायएमसी मैदान में पार्क करवाए गए। चार पहिया वाहनों को सनातन धर्म मंदिर से रोशनी घर एवं हॉस्पिटल रोड की ओर डायवर्ट किया गया।

कोटेश्वर महादेव मंदिर : यहां सुबह 4 बजे से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच गए थे। दर्शनों के लिए महिला और पुरुषों की अलग कतारें लगाकर प्रवेश दिया गया। यहां सेवादारों ने भीड़ को व्यवस्थित कर दर्शन कराए। बहोड़ापुर थाने की पुलिस का इंतजाम भी व्यवस्था बनाने के लिए किया गया था।

गुप्तेश्वर: गुप्तेश्वर मंदिर में सुबह 3 बजे पट खोल दिए गए। मंदिर में महिला, पुरुषों की लाइन अलग-अलग लगाकर प्रवेश दिया गया। श्रद्धालु व सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ता व्यवस्था संभाल रहे थे। मंदिर के पास ही पार्किंग की व्यवस्था की गई थी।

मार्कंडेश्वर महादेव मंदिर : फूलबाग चौराहा स्थित मार्कंडेश्वर महादेव मंदिर पर ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4 बजे मुख्य पुजारी डॉ.मनोज भार्गव ने मार्कंडेश्वर भगवान का अभिषेक किया। शाम को भगवान का विशेष शृंगार किया गया।

भूतेश्वर महादेव मंदिर : शब्दप्रताप आश्रम स्थित सिंधिया देवस्थान ट्रस्ट की ओर से संचालित मंदिर का गर्भगृह छोटा होने के कारण बाहर तक भक्त इंतजार कर रहे थे। यहां भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई।

धूमेश्वर धाम पर लगा मेला

ग्वालियर के भितरवार ब्लॉक में सिंध और पार्वती नदी के संगम तट पर प्राचीन धूमेश्वर मंदिर है। सावन के हर सोमवार को यहां मेला लगता है। आज हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचे और मंदिर के किनारे बसी नदी में स्नान कर शिवलिंग की पूजा अर्चना कर अभिषेक किया।