फोटो सोर्स: पत्रिका, मिशन शक्ति अभियान में सम्मानित महिलाएं
मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत बुधवार को चम्पा देवी पार्क में "महिला सम्मान समारोह" का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को सशक्त बनाने व समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, पुलिस कर्मियों तथा बहादुरी का परिचय देने वाली बेटियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विधायक ग्रामीण विपिन सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान उत्तर प्रदेश सरकार की एक ऐतिहासिक पहल है, जिसके माध्यम से महिलाओं को न केवल सुरक्षा व सम्मान की भावना दी जा रही है, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और सरकार उन्हें हर स्तर पर समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं नोडल अधिकारी मिशन शक्ति सुधीर जायसवाल, क्षेत्राधिकारी कार्यालय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी व स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं। अधिकारियों ने मिशन शक्ति के विभिन्न चरणों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा और स्वावलंबन की भावना को सशक्त बना रहा है।
समारोह के दौरान महिलाओं एवं छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सम्मानित की गई महिलाओं ने सरकार एवं प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से महिलाओं में आत्मविश्वास और समाज में योगदान देने की प्रेरणा बढ़ती है।
Published on:
15 Oct 2025 11:31 pm
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग