दौसा, May 28, 2026

Photo: AI generated
दौसा। दौसा जिले के महुवा से अलवर जिले के राजगढ़ तक करीब 60 किलोमीटर लंबे फोरलेन हाईवे निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। महुवा–राजगढ़ फोरलेन हाईवे प्रोजेक्ट के लिए 1 जून को टेंडर खोले जाएंगे। इसके बाद निर्माण कार्य रफ्तार पकड़ेगा। फोरलेन सड़क बनने के महुवा से राजगढ़ का सफर मात्र 45 मिनट में पूरा होगा। साथ ही समय की बचत होगी और वाहनों की रफ्तार बढ़ने से ईंधन की खपत में भी कमी आएगी।
एनएचएआइ के एईएन वेदप्रकाश शर्मा का कहना है कि गढ़ी सवाई राम से मंडावर के बीच पेच कार्य चल रहा है। जल्द ही महुवा और मंडावर के बीच भी गड्ढ़ों को भरा जाएगा। जल्द ही फोरलेन हाईवे का काम भी शुरू होने वाला है। 1 जून को टेंडर खोले जाएंगे। इस फोरलेन परियोजना के पूरा होने से सबसे बड़ा लाभ धार्मिक पर्यटन को मिलेगा। महुवा से मेहंदीपुर बालाजी की दूरी मात्र 15 किलोमीटर रह जाती है, ऐसे में अलवर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बालाजी धाम तक पहुंचना बेहद सरल हो जाएगा।
बता दें कि महुवा से मंडावर होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली सड़क इन दिनों जर्जर हालत में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह दर्जनों गहरे गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे है। खासकर भूड़ा मोड के पास घुमाव पर बने गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना हजारों वाहन गुजरते है, लेकिन सड़क की हालत बेहद खराब है।
वाहन चालक हरकेश मीणा व अन्य ने बताया कि मोड़ पर गड्ढों के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलटने तक की स्थिति बन जाती है। दुपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग केवल लीपापोती कर औपचारिकता निभा रहा है, जो कुछ ही दिनों में फिर से खराब हो जाती है। इससे वाहन चालकों की जान जोखिम में बनी हुई है। साथ ही लोगों ने जल्द से जल्द फोरलेन सड़क का काम शुरू करने की मांग की है।
महुवा–राजगढ़ तक फोरलेन सड़क निर्माण पर 862.22 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह हाईवे महुवा-जयपुर टी-पॉइंट से प्रारंभ होकर मण्डावर, गढ़ी सवाईराम, पिनान, माचाड़ी, राजगढ़ के कोठी नारायणपुर तक जाएगा। इस हाईवे के निर्माण से दौसा और अलवर जिले के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से भी जुड़ाव होगा। इससे दिल्ली, हरियाणा और पंजाब राज्यों के साथ संपर्क सुगम होगा।
महुवा के राष्ट्रीय राजमार्ग-21 के जयपुर साइड जंक्शन पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा महुवा में 4.8 किमी, मंडावर में 3.99 किमी और गढ़ी सवाईराम में 2.45 किमी लंबा बाईपास बनेगा। वहीं, माचाड़ी मोड़ पर 1.45 किमी लंबाई का री-अलाइनमेंट कार्य दुर्घटनाओं को कम करने में मदद करेगा।
संबंधित विषय:
Updated on: 28 May 2026 12:04 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।