
वैभव सूर्यवंशी (फोटो- ESPNcricinfo)
पिछले एक साल से अंडर-19 क्रिकेट में अपने बल्ले से गदर मचाने वाले 15 साल के भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। अंडर-19 मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला न्यूजीलैंड से 24 जनवरी को खेलेगी। इस मैच के परिणाम का सुपर सिक्स पर कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि दोनों ही टीमें पहले ही अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।
हालांकि इस मुकाबले में जब वैभव सूर्यवंशी मैदान पर उतरेंगे, तो उनके सामने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने की चुनौती होगी। सूर्यवंशी अब तक अंडर-19 यूथ वनडे में 1050 रन बना चुके हैं और वह पहले ही विराट कोहली को पीछे छोड़ चुके हैं, जिन्होंने 978 रन बनाए थे। अब अगर सूर्यवंशी न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक जड़ देते हैं, तो वह एक साथ तीन भारतीय बल्लेबाजों को पीछे छोड़ देंगे और शुभमन गिल को भी पछाड़ देंगे।
आपको बता दें कि शुभमन गिल और उन्मुक्त चंद ने यूथ वनडे में 1149 रन बनाए हैं, जबकि सरफराज खान ने 1080 रन बनाए हैं। ऐसे में अगर सूर्यवंशी शतक लगाते हैं, तो उनके कुल रन 1150 हो जाएंगे और वह इन तीनों बल्लेबाजों से आगे निकल जाएंगे। हालांकि टीम इंडिया के लिए यूथ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विजय ज़ोल के नाम है, जिन्होंने 1404 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर यशस्वी जायसवाल हैं, जिनके नाम 1386 रन दर्ज हैं, जबकि तीसरे स्थान पर तन्मय श्रीवास्तव हैं, जिन्होंने 1316 रन बनाए हैं।
हालांकि अंडर 19 वर्ल्डकप 2026 में अब तक खेले गए दो मुकाबलों में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला उस तरह नहीं चला है, जिसके लिए वह जाने जाते हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पुराने रंग में लौटेंगे।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह मुकाबला भारतीय समय अनुसार दोपहर 1:00 बजे से शुरू होगा, जिसे स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देखा जा सकता है। इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर भी उपलब्ध होगी। भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-19 टीमें पहले ही सुपर सिक्स में जगह बना चुकी हैं। हालांकि न्यूजीलैंड इस टूर्नामेंट में अब तक कोई भी मैच नहीं जीत पाई है, क्योंकि उसके दोनों शुरुआती मुकाबले बारिश की वजह से रद्द हो गए थे। वहीं भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में यूएसए को हराया था और दूसरे मैच में बांग्लादेश को मात दी थी।
Published on:
23 Jan 2026 07:01 pm
