भारतीय महिला क्रिकेट टीम (Photo Credit - BCCI Women @X)
IND-W vs ENG-W, ICC Women's ODI World Cup 2025: आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का बेहद रोमांचक मुकाबला इंग्लैंड और भारत के बीच इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला गया। रोमांचक रहे इस मैच में भारतीय टीम को 4 रन से हार का सामना करना पड़ा। 289 के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 6 विकेट पर 284 रन ही बना सकी। आखिरी ओवर में भारतीय टीम को जीत के लिए 14 रन बनाने थे। सिर्फ 9 रन बने और भारत को 4 रन से हार का सामना करना पड़ा। टूर्नामेंट में यह भारतीय महिला क्रिकेट टीम की लगातार तीसरी हार है। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं। हार के बाद भारत के लिए टॉप 4 में जगह बनाना मुश्किल हो गया है।
289 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को प्रतिका रावल के रूप में 13 के स्कोर पर पहला झटका लगा और फिर 46 के स्कोर पर हरलीन देओल के रूप में दूसरा झटका लगा। लड़खड़ाती पारी को स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी हुई। जब ये साझेदारी चल रही थी, भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित लग रही थी। स्मृति मंधाना ने 94 गेंद पर 88 रन बनाए और हरमनप्रीत कौर ने 70 गेंद पर 10 चौकों की मदद से 70 रन की पारी खेली। मंधाना ने दीप्ति शर्मा के साथ भी चौथे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की।
बेहतरीन गेंदबाजी करने वाली दीप्ति शर्मा ने 57 गेंद पर 5 चौकों की मदद से 50 रन की पारी खेली। हरलीन देओल ने 31 गेंद पर 24 रन बनाए। भारत को आखिरी 6 ओवरों में 42 रन की जरूरत थी, और हाथ में 6 विकेट थे। लेकिन ऋचा घोष और दीप्ति का विकेट गिरने के बाद रन रेट गिरता गया और जरूरी रन रेट बढ़ता गया। मैच धीरे-धीरे भारत के हाथ से चला गया। अमनजोत कौर और स्नेह राणा की जोड़ी आखिरी 19 गेंद में 37, आखिरी 2 ओवर में 23 और 50वें ओवर में 14 रन नहीं बना सकी। अमनजोत ने 15 गेंद पर 18 और राणा ने 9 गेंद पर 10 रन बनाकर नाबाद लौटीं।
इंग्लैंड ने भारत से टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 288 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए हिदर नाइट ने 91 गेंद पर 15 चौकों और 1 छक्के की मदद से 109 रन की पारी खेली। नाइट के अलावा एमी जोंस ने 68 गेंद पर 56 रन और नैट साइवर ब्रंट ने 49 गेंद पर 38 रन की पारी खेली। भारत के लिए दीप्ति शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहीं। 10 ओवर में 51 रन देकर उन्होंने 4 विकेट लिए। श्री चरणी ने 10 ओवर में 68 रन देकर दो विकेट लिए।
Updated on:
19 Oct 2025 11:01 pm
Published on:
19 Oct 2025 10:38 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Women's World Cup 2025