
Post-match interviews with India's Suryakumar Yadav and Pakistan's Salman Ali Agha (photo - icc)
T20 World Cup 2026, IND vs PAK: रविवार को भारत के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने इस करारी हार के बाद टीम को हौसला रखने और भविष्य पर ध्यान देने की सलाह दी। वहीँ, दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव ने भारत की शानदार जीत के बाद इसे पूरे देश के फैंस के नाम किया। भले ही इस मैच को लेकर बहुत शोर मचा था, लेकिन मैदान पर मुकाबला एकतरफा रहा। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 175/7 रन बनाए और फिर पाकिस्तान की पूरी टीम को सिर्फ 18 ओवर में 114 रनों पर समेट दिया।
मैच के दौरान भले ही कोई बड़ा झगड़ा नहीं हुआ, लेकिन दोनों कप्तानों के बीच तनाव साफ नजर आया। टॉस के वक्त सूर्यकुमार और सलमान ने एक-दूसरे से हाथ तक नहीं मिलाया। दोनों के चेहरे गंभीर थे और उन्होंने एक-दूसरे से नजरें मिलाना भी सही नहीं समझा।
पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने माना कि उनकी टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। उन्होंने कहा, 'ऐसे मैचों में जज्बात ज्यादा होते हैं, लेकिन हम काफी क्रिकेट खेल चुके हैं। हमें अब खुद को संभालना होगा और अगले मैच पर ध्यान देना होगा। हमें बड़ी तस्वीर देखनी चाहिए, अब हमारा पूरा फोकस सुपर-8 के लिए क्वालीफाई करने पर है।'
पाकिस्तान को अब सुपर-8 में पहुंचने के लिए अपने आखिरी ग्रुप मैच में नामीबिया को हराना ही होगा। अगर ऐसा होता है, तो फैंस को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत देखने को मिल सकती है।
मैच खत्म होने के बाद सूर्या के तेवर बिल्कुल बदले हुए थे। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'यह जीत पूरे भारत के लिए है। हमने बिल्कुल वैसा ही क्रिकेट खेला जैसा हम खेलना चाहते थे।' सूर्यकुमार ने ओपनर ईशान किशन की जमकर तारीफ की, जिनकी 77 रनों की तूफानी पारी ने जीत की नींव रखी। सूर्या ने कहा, 'ईशान ने बिल्कुल वैसी ही बल्लेबाजी की जैसी वो घरेलू क्रिकेट में करते आए हैं। उन्होंने जिम्मेदारी ली और पावरप्ले में हटकर खेले।'
'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए ईशान किशन ने माना कि यह उनके लिए कोई आम मैच नहीं था। उन्होंने कहा, 'भारत बनाम पाकिस्तान हमारे और हमारे देश के लिए हमेशा खास होता है। यह एक बहुत जरूरी मैच था। उनके पास अच्छे स्पिनर थे, लेकिन हमने अच्छे शॉट खेलने की कोशिश की। इस जीत से हमें आगे के मैचों के लिए आत्मविश्वास मिलेगा।'
Published on:
16 Feb 2026 12:58 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
