
श्रीलंका ने सुपर 8 में बनाई जगह (फोटो- IANS)
T20 World Cup 2026 Super 8 Teams: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के 30वें मुकाबले में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सुपर 8 का टिकट हासिल कर लिया। इस तरह श्रीलंका पांचवीं टीम बन गई है, जिसे अगले दौर का टिकट मिल चुका है। इससे पहले साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज, भारत और इंग्लैंड ने सुपर 8 का अपना अपना स्थान कन्फर्म किया था। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की यह लगातार दूसरी हार है और वह टूर्नामेंट से बाहर होने के कगार पर पहुंच गई है।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में सभी 10 विकेट गंवाकर 181 रन बनाए। 182 रन के लक्ष्य को सिर्फ 2 विकेट गंवाकर श्रीलंका ने 18 ओवर में हासिल कर लिया। इस मुकाबले में श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने टी20 वर्ल्डकप 2026 का पहला शतक जड़ दिया। उन्होंने 52 गेंदों में 10 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन की पारी खेली।
पल्लेकल में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत धमाकेदार रही। कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने नौवें ओवर में ही टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। हालांकि इसी ओवर में ट्रेविस हेड पवेलियन लौट गए। उन्होंने 29 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 56 रनों की पारी खेली।
हेड के आउट होने के बाद कैमरन ग्रीन सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मिचेल मार्श 27 गेंदों में 54 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 2 छक्के लगाए। मार्श के आउट होने के बाद जोश इंग्लिस और ग्लेन मैक्सवेल ने कुछ देर क्रीज पर समय बिताया, लेकिन टीम के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। जो ऑस्ट्रेलियाई टीम 100 रन तक बिना विकेट गंवाए खेल रही थी, वह 181 रन पर ढेर हो गई। श्रीलंका की ओर से दुषान हेमंथा ने तीन विकेट चटकाए, जबकि दुश्मंथा चमीरा ने दो विकेट लिए। इसके अलावा महीश तीक्षणा, दुनिथ वेलालागे और कमिंदु मेंडिस को भी एक-एक सफलता मिली।
182 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत भी बेहद खराब रही और कुसल परेरा सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका को कुसल मेंडिस का साथ मिला और दोनों ने श्रीलंका की जीत की नींव रखी। मेंडिस 38 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन वह अपना काम कर चुके थे। इसके बाद बचा हुआ काम पथुम निसांका ने पवन रत्नायके के साथ मिलकर पूरा किया। इस दौरान निसांका ने इस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला शतक जड़ा। उन्होंने 52 गेंदों में 10 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन की पारी खेली, जबकि पवन रत्नायके 15 गेंदों में 28 रन बनाकर नाबाद लौटे।
Updated on:
16 Feb 2026 10:35 pm
Published on:
16 Feb 2026 10:20 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
