
शाहीन अफरीदी (फोटो- IANS)
BAN vs PAK 1st ODI Highlights: बांग्लादेश ने शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बुधवार को खेले गए पहले वनडे मैच को 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज के बाकी मुकाबले 13 और 15 मार्च को इसी मैदान पर खेले जाएंगे। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम 23 वर्षीय नाहिद राणा की शानदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। मेहमान टीम 30.4 ओवर में सिर्फ 114 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान और माज सदाकत की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 10 ओवर में 41 रन जोड़े। साहिबजादा फरहान 38 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद विकेटों का सिलसिला शुरू हो गया।
इसके बाद अगली 8 साझेदारियां दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकीं। हालत यह रही कि पाकिस्तानी टीम 82 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने 9 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से अबरार अहमद ने फहीम अशरफ के साथ आखिरी विकेट के लिए 41 गेंदों में 32 रन जोड़कर टीम को जैसे-तैसे 100 के पार पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान (27), माज सदाकत (18), मोहम्मद रिजवान (10) और फहीम अशरफ (37) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे।
बांग्लादेश की तरफ से नाहिद राणा ने 7 ओवर में 24 रन देकर 5 विकेट लिए। उनके अलावा कप्तान मेहदी हसन मिराज ने 3 विकेट झटके। तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान को 1-1 विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने महज 15.1 ओवर में जीत हासिल कर ली। सैफ हसन और तंजीद हसन तमीम ने पहले विकेट के लिए 16 गेंदों में 27 रन जोड़े। सैफ हसन 10 गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद नजमुल हसन शांतो ने तंजीद के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 82 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। शांतो 33 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए।
आखिर में तंजीद हसन तमीम ने लिटन दास के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। तंजीद 42 गेंदों में 5 छक्के और 7 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि लिटन दास 3 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान की ओर से कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद वसीम जूनियर को 1-1 विकेट मिला।
Published on:
11 Mar 2026 06:41 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
