वर्ष 2021 में तत्कालीन शिवराज सरकार ने नगर निगम में पांच वर्षीय विजन डॉक्यूमेंट तैयार कराया था। जिसमें अगले पांच वर्ष की विकास कार्ययोजना समाहित थी। जनप्रतिनिधियों ने शहर में किए जाने वाले बदलाव का सपना देखा था।
नगर निगम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी बदलते रहे लेकिन ना ट्रांसपोर्ट नगर बन पाया और ना ही भरतादेव में जैव विविधता जैसे प्रोजेक्ट पूरे हो पाए।
निगम के पंचवर्षीय विकास के प्लान में पक्ष-विपक्ष के जनप्रतिनिधियों ने रुचि नहीं ली। यह केवल वर्ष 2021 का सपना रहा। उस समय आई कोविड की लहर की भेंट चढ़ गया। तत्कालीन सरकार का बजट भी नहीं आया। इस कार्ययोजना को प्रगति पथ पर दौड़ाने के लिए कम से कम दो अरब से ज्यादा सरकारी अनुदान और स्थानीय संसाधनों की आवश्यकता थी। नगर निगम केवल कर्मचारियों की तनख्वाह को पूरा करने में सीमित रह गया।
1.सीवरेज प्लान: नेटवर्क की लंबाई 302.64 किमी आंकी गई थी। 11241 मेन होल और 28 एमएलडी का एसटीपी प्लांट तथा सीवरेज पंपिंग स्टेशन तथा 38140 हाउस कनेक्शन देना था।
-वर्तमान स्थिति-विश्व बैंक की सहायता से 220 करोड़ रुपए में योजना अंतिम चरण में है। अभी घरेलू कनेक्शन किए जा रहे हैं। शहर में अधिकांश लोग जगह-जगह टूटी सडक़ों का रोना रो रहे हैं।
…….
सेनिटेशन: सार्वजनिक-सामुदायिक शौचालयों की संख्या 23 है, जिसे 2026 तक 40 करने की कार्ययोजना बनाई गई थी। इसी तरह दो मूत्रालय को 35 किया जाना था।
वर्तमान स्थिति-वर्ष 2026 में पांच माह शेष है। अब तक शौचालयों और मूत्रालय का निर्माण नहीं किया गया है।
….
जलापूर्ति: कन्हरगांव डैम से बिछी पीसीसी पाइप को 14 किमी डीआई 800 एमएम व्यास की ग्रेविटी पाइप लाइन में 24 करोड़ की लागत से बदलना था।
वर्तमान स्थिति-अमृत 2.0 पेयजल योजना स्वीकृत हो गई है लेकिन एक वर्ष बाद भी कागजों में है। मैदान में क्रियान्वित नहीं हो पा रही है।
…
ट्रांसपोर्ट नगर: नवीन ट्रांसपोर्ट नगर बनाने और ट्रकों के आवागमन से मुक्ति का प्रस्ताव था।
वर्तमान स्थिति-वर्तमान में सारसवाड़ा में जमीन फाइनल की गई र्है। समतलीकरण का टेंडर कैंसिल हो चुका है। आगे इसका भविष्य क्या होगा, यह तय नजर नहीं आ रहा है।
…
पार्क: भरतादेव में जैव विविधता पार्क 8.5 करोड़, जेल बगीचा में अर्बन पार्क 5.5 करोड़ तथा टाउन हाल में हेरिटेज संरक्षण के अंतर्गत 3.5 करोड़ रुपए का निर्माण होना था।
वर्तमान स्थिति-आज तक भरतादेव में जैव विविधता पार्क, जेल बगीचा में अर्बन पार्क और टाउन हाल में हेरिटेज संरक्षण के काम नहीं हो पाए हैं।
…
आवास और दुकानें: वार्ड 30 पीजी कॉलेज के पास आबकारी विभाग के गोदाम के स्थल पर व्यवसायिक परिसर तथा शहरी विकास अभिकरण व रिकार्ड रुम की जगह व्यवसायिक परिसर तथा शिक्षक सदन के स्थान पर दुकानों का प्रस्ताव था।
वर्तमान स्थिति-इस योजना पर अभी तक काम नहीं हो पाया है।
…
व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स: नरसिंहपुर रोड श्याम टॉकीज पर व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स और गांधीगंज के सब्जी बाजार की जगह का उपयोग भी व्यवसायिक दुकानें बनाना था।
वर्तमान स्थिति-यह योजना भी ठंडे बस्ते में बंद हैं।
…
बसस्टैण्ड: सिटी बस स्टैण्ड और टैक्सी स्टैण्ड की कल्पना की गई है। इसे पुलिस पेट्रोल पंप के सामने प्रस्तावित किया गया था।
वर्तमान स्थिति-इस समय इंटर स्टेट बस टर्मिनल की योजना एमआईसी में प्रस्तावित जरूर है लेकिन इसके लिए जमीन नहीं मिल पा रही है।
……
इनका कहना है….
शहर में ट्रांसपोर्ट नगर बनने की प्रक्रिया में है। इंटर स्टेट बस टर्मिनल का प्रस्ताव पास हो चुका है। कुछ और योजनाएं विचाराधीन है। इसे भविष्य में पूरा किया जाएगा।
-विक्र्रम अहके, महापौर।
…
शहर: एक नजर में
नगरपालिका स्थापना-17.05.1867
नगर निगम स्थापना-5.9.2014
नगर निगम क्षेत्रफल-110.72 वर्ग किमी
निगम के वार्डो की संख्या-48
निगम के जोन की संख्या-5
जनसंख्या 2011 के अनुसार-215843
वर्तमान जनसंख्या अनुमानित-276713
मास्टर प्लान में निवेशित गांव-55
…
Published on:
09 Sept 2025 11:44 am
बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग