
बूंदी. जिले के ग्रामीण क्षेत्र से लोक परिवहन सेवा को जोडऩे की सरकार की मंशा पूरी नहीं होती दिख रही है। दो बार बस ऑपरेटर के लिए निकाले लाने वाले टेंडर में किसी ने अब तक रुचि तक नहीं दिखाई, जिसके चलते योजना खटाई में पड़ती नजर आ रही है। अब एक बार फिर विभाग मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के आधार पर तीसरी बार टेंडर प्रक्रिया जारी कर आवेदन मांगेगा। इस योजना से जिले की करीब 30 पंचायतों को लोक परिवहन से जोड़ा जाना प्रस्तावित था,लेकिन आवेदन में किसी ने श्रचि नहीं दिखाई।
प्रदेश में आमजन को आवाजाही का साधन उपलब्ध कराने और ग्राम पंचायतों को बस सेवा से जोडने के लिए राज्य सरकार ने 2024-25 के बजट में लोक परिवहन सेवा शुरू करने की घोषणा की थी। इसके तहत राजस्थान पथ परिवहन निगम की ओर से मार्गों का सर्वे कराया गया। मुख्यालय स्तर से टेण्डर आमंत्रित किए गए, लेकिन इसमें किसी ने रुचि नहीं दिखाई। इसके पश्चात नियमों में कुछ शिथिलता प्रदान भी की गई।
कई ग्राम पंचायतें सेवा से वंचित
विभागीय अधिकारियों के अनुसार पहली बार मई-2025 में टेंडर आमंत्रित किए गए। इसके बाद हाल ही में फरवरी-2026 में भी टेंडर जारी किए गए,लेकिन अभी तक इसमें में भी किसी ने रुचि नहीं दिखाई। अब निगम तीसरी बार टेण्डर आमंत्रित के लिए प्रयासरत है।
यह थी योजना
जिसके पास खुद की बस है वो ही बसों का संचालन कर सकेंगे। इसमें सरकार की नियमों की पालना करनी होगी। निगम की ओर से आवेदन करने वाले ऑपरेटर को बस स्टेंड पर जगह उपलब्ध कराने के साथ टाइम टेबल निर्धारित किया जाएगा।बस उनको 25 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से निगम का शुल्क देना होगा। साथ ही इन संचालकों को राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली पुनर्भरण की सहायता भी मिलेगी। इनकों बसों में व्हिकल व पैनिक बटन लगा होना भी अनिवार्य होगा। 2021 के बाद मॉडल की बस होनी चाहिए।
25 से 30 ग्राम पंचायत जोडऩे का लक्ष्य
निगम के अनुसार जिले की 25 से 30 ग्राम पंचायत इस योजना से जोडऩा लक्ष्य था। इसके लिए निर्धारित रूट पर दो बसों का संचालन निगम की ओर से किया जाना था। इन रूटों पर दो बार बसें फर्राटे भरती, लेकिन टेंडर के लिए आवेदन नहीं किए जाने से सरकारी घोषणा हवा हो गई ओर टेंडर डालने के बाद भी बस ऑपरेटर नहीं मिले।
इन मार्गों पर चलनी थी बस
रोडवेज प्रबंधन के अनुसार दो रूटों पर बसों का संचालन होना है। इसमें पहली बूंदी से मांडलगढ़ व दूसरी बूंदी से तिलस्वा मार्ग पर चलाया जाना प्रस्तावित है। इसमें बूंदी से मांडलगढ़ जाने वाली बस गुढ़ा, नीम का खेड़ा, जालींद्री, महुआ, मानपुरा, जसूजी का खेड़ा होते हुए मांडलगढ़ था। वहीं दूसरी बस नमाना, गरड़दा, भौपतपुरा, बिजोलिया, सलावटिया होते हुए तिलस्वा तक बस का संचालन किया जाना प्रस्तावित है।
तीसरी बार करेंगे टेंण्डर
जिले में लोक परिवहन सेवा के लिए मुख्यालय स्तर से टेंडर आमंत्रित किए गए। दो बार टेंडर जारी कर दिए गए,लेकिन किसी के आवेदन नहीं करने पर अब तीसरी बार टेंडर प्रक्रिया मुख्यालय के निर्देश पर आमंत्रित की जाएगी।
घनश्याम गौड़,मुख्य प्रबंधक,बूंदी आगार
Updated on:
13 Mar 2026 02:21 pm
Published on:
13 Mar 2026 11:57 am
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
